IPL 2026: टिम डेविड के ऊपर BCCI का एक्शन, ठोक दिया तगड़ा जुर्माना, हार्दिक पांड्या को भी पड़ी मार
IPL 2026: मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जिसके चलते आरसीबी के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड को भारी खामियाजा भुगतना पड़ा है। खेल के नियमों और अंपायर के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में मैच रेफरी ने उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाने के साथ-साथ उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया है।
यह कार्रवाई आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.4 के उल्लंघन के तहत की गई है, जो मैदान पर अंपायरों के आदेश को न मानने से संबंधित है। पूरा विवाद पारी के अंतिम ओवरों में गेंद को लेकर हुई खींचतान से शुरू हुआ। दरअसल, मैच के 18वें ओवर के दौरान जब एक छक्के के बाद गेंद खराब हुई या उसकी आकृति बदल गई, तो अंपायरों ने उसे बदलने का निर्णय लिया।

नियमों के मुताबिक जैसे ही नई गेंद मैदान पर आती है, उसे तुरंत अंपायर के सुपुर्द करना होता है ताकि खेल सुचारू रूप से आगे बढ़ सके। टिम डेविड उस समय गेंद को अपने पास रखकर उसकी जांच करने पर अड़ गए और अंपायर स्वरूपानंद कन्नूर के बार-बार कहने के बावजूद उन्होंने गेंद वापस नहीं की।
दो बार की गई गलती
मैदान पर तनाव तब और बढ़ गया जब 20वें ओवर में इसी तरह की स्थिति फिर से पैदा हुई। टिम डेविड ने एक बार फिर अंपायरों के निर्देशों को नजरअंदाज किया, जिसे मैच अधिकारियों ने खेल भावना के विपरीत और आधिकारिक आदेशों की सरेआम नाफरमानी माना।
अंपायरों की रिपोर्ट के आधार पर मैच रेफरी ने इसे 'लेवल 1' का अपराध घोषित किया। डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और प्रस्तावित सजा पर सहमति जताई है, जिसके कारण इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
हार्दिक पांड्या के ऊपर भी गिरी गाज
दिलचस्प बात यह है कि इसी मैच में अनुशासन की गाज केवल डेविड पर ही नहीं गिरी, बल्कि मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को भी अपनी टीम की धीमी ओवर गति (स्लो ओवर रेट) के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications