IPL 2026 SRH Preview: बल्लेबाज जिताएंगे मैच या गेंदबाज लुटाएंगे रन? बिन कमिंस कितनी धारदार होगी हैदराबाद!
IPL 2026 SRH Preview: आईपीएल 2026 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम पूरी तरह से तैयार है। हालांकि, टूर्नामेंट के शुरुआती कुछ मुकाबले में टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस बाहर रहेंगे। इस दौरान कमिंस की जगह ईशान किशन हैदराबाद के लिए कप्तानी करते नजर आएंगे। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हैदराबाद ने पिछले कुछ सीजन में टी20 क्रिकेट के मायने बदल दिए हैं।
ईशान की कप्तानी में खेलेगी हैदराबाद (IPL 2026 SRH Preview)
सनराइजर्स के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी अनुपस्थिति में फ्रेंचाइजी ने ईशान किशन को अंतरिम कप्तान नियुक्त किया है। ईशान के लिए यह खुद को एक लीडर के रूप में साबित करने का बड़ा मौका है। 28 मार्च को बेंगलुरु में आरसीबी के खिलाफ होने वाला सीजन का पहला मैच ईशान की कप्तानी की पहली अग्निपरीक्षा होगी।

लिविंगस्टोन के आने से मजबूत हुई टीम
हैदराबाद की सबसे बड़ी ताकत उसकी बल्लेबाजी है। टीम के पास ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा के रूप में ऐसी ओपनिंग जोड़ी है, जो पावरप्ले में ही मैच का रुख बदलने का दम रखती है। मध्यक्रम में हेनरिक क्लासेन जैसा फिनिशर है तो वहीं इस बार इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन (13 करोड़) के जुड़ने से टीम की बल्लेबाजी और भी खौफनाक हो गई है। लिविंगस्टोन उस मध्यक्रम को मजबूती देंगे जो पिछले सीजन में कुछ मौकों पर लड़खड़ा गया था।
टीम के लिए गेंदबाजी बन सकती है चिंता का सबब
बल्लेबाजी जितनी मजबूत है, गेंदबाजी उतनी ही चिंताजनक नजर आ रही है। मोहम्मद शमी और एडम ज़म्पा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को छोड़ने के बाद अब पूरा दारोमदार हर्षल पटेल और युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा पर है। टीम का स्पिन विभाग भी काफी कमजोर दिख रहा है, जहां हर्ष दुबे जैसे घरेलू खिलाड़ियों को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी। धीमी पिचों पर रनों का बचाव करना हैदराबाद के लिए इस सीजन की सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications