बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार, धार्मिक नेताओं ने शाहरुख खान की KKR को दी धमकी! IPL 2026 से पहले मचा बवाल
IPL 2026, Mustafizur Rahman: भारतीय खेल जगत और राजनीति के बीच एक नया विवाद जन्म ले रहा है। उज्जैन के धार्मिक गुरुओं और संतों ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के मैचों को रोकने की कड़ी चेतावनी दी है। संतों का यह गुस्सा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की आईपीएल में भागीदारी को लेकर है। संतों ने स्पष्ट किया है कि यदि मुस्तफिजुर को खेलने की अनुमति दी गई, तो वे स्टेडियम में घुसकर पिच को नुकसान पहुंचाएंगे और मैचों को रोक देंगे।
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा (IPL 2026, Mustafizur Rahman)
इस विरोध की जड़ें बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हालिया हिंसा से जुड़ी हैं। हाल ही में बांग्लादेश में ईशनिंदा के आरोपों में दो हिंदू युवकों की पीट-पीटकर हत्या (लिंचिंग) कर दी गई। पहली घटना 18 दिसंबर को मैमनसिंह जिले में हुई, जहां 27 वर्षीय दीपू चंद्र दास को भीड़ ने बेरहमी से मारकर पेड़ से लटका दिया और आग लगा दी। वहीं, 24 दिसंबर को राजबाड़ी में अमृत मंडल नामक एक अन्य हिंदू युवक को निशाना बनाया गया।

मुस्तफिजुर रहमान को मिले 9.20 करोड़
उज्जैन के ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी महावीर नाथ और अन्य संत संगठनों का कहना है कि एक तरफ बांग्लादेश में हिंदुओं का उत्पीड़न हो रहा है। दूसरी तरफ भारत उनके खिलाड़ियों को खेलने का मौका देकर करोड़ों रुपये दे रहा है। हाल ही में हुई आईपीएल नीलामी में शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा है।
निशाने पर कोलकाता नाइट राइडर्स
मुस्तफिजुर रहमान इस सीजन में चुने गए एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं। सोशल मीडिया पर भी KKR के बहिष्कार की मांग उठ रही है। लोग इसे उन हिंदुओं का अपमान बता रहे हैं जो पड़ोसी देश में अत्याचार का सामना कर रहे हैं। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने भी इन हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने रायपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति चिंताजनक है और यदि सरकार ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो वहां अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं रहेंगे। उन्होंने भारत में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को वापस भेजने और पीड़ित हिंदुओं को शरण देने की वकालत की है।












Click it and Unblock the Notifications