IPL 2026 से पहले रामलला के चरणों में पहुंचे सुपर जायंट्स! संजीव गोयनका और ऋषभ पंत ने अयोध्या में टेका मत्था
IPL 2026 LSG Team: आईपीएल के 19वें सीजन के आगाज से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम ने अयोध्या जाकर अपने अभियान की शुरुआत की है। शनिवार को टीम के मालिक डॉ. संजीव गोयनका, कप्तान ऋषभ पंत और टीम के अन्य सदस्यों ने अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए। सीजन शुरू होने से पहले टीम का यह दौरा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए देखा जा रहा है।
खिलाड़ियों ने की रामलला की पूजा-अर्चना (IPL 2026 LSG Team)
रामलला की पूजा-अर्चना करने के बाद मीडिया से बात करते हुए संजीव गोयनका ने कहा कि भगवान राम की प्रार्थना करना कभी पर्याप्त नहीं होता। आईपीएल सीजन शुरू होने वाला है, इसलिए सभी खिलाड़ियों ने यहां मंदिर में प्रार्थना की है। भगवान राम के आशीर्वाद से सब कुछ सही जगह पर फिट हो जाता है। टीम के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी इस दौरे की तस्वीरें शेयर करते हुए 'जय श्री राम' का उद्घोष किया गया।

कप्तान ऋषभ पंत को टीम पर भरोसा
दर्शन के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने टीम की तैयारियों और नए गेंदबाजी कोच भारत अरुण की नियुक्ति पर भी चर्चा की। पंत ने कहा कि फास्ट बॉलर्स के साथ हमारा कैंप शानदार रहा है। भारत अरुण सर के आने से सिस्टम में काफी वैल्यू जुड़ी है। उनके पास लंबा अनुभव है और गेंदबाज उन पर बहुत भरोसा करते हैं। पिछले सीजन के विश्लेषण के बाद हमें लगा कि गेंदबाजी विभाग में मजबूती की जरूरत है, जिसे भारत सर बखूबी पूरा कर रहे हैं।
1 अप्रैल को होगी दिल्ली से भिड़ंत
बीसीसीआई द्वारा घोषित पहले फेज के कार्यक्रम के अनुसार ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स अपने सफर की शुरुआत 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम 5 अप्रैल को हैदराबाद, 9 अप्रैल को कोलकाता और 12 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से मुकाबला करेगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स की पूरी फौज
ऋषभ पंत (कप्तान), मोहम्मद शमी, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, एडन मार्करम, वानिंदु हसरंगा, एनरिक नॉर्खिया, आवेश खान, अर्जुन तेंदुलकर, आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद, अब्दुल समद, जोश इंग्लिस, मैथ्यू ब्रीत्ज़के, अर्शिन कुलकर्णी, एम. सिद्धार्थ, और नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।












Click it and Unblock the Notifications