IPL 2026 के लिए LSG की टीम कितनी तैयार? कप्तान Rishabh Pant के मुरीद हुए लैंगर! टूर्नामेंट से पहले भरी हुंकार
IPL 2026, Rishabh Pant: आईपीएल के इतिहास में 27 करोड़ की सबसे भारी-भरकम कीमत पाने वाले ऋषभ पंत के लिए पिछला सीजन (2025) उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही थी। लेकिन टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर को भरोसा है कि इस बार कहानी अलग होगी। लैंगर का मानना है कि कप्तानी के दूसरे साल में पंत अब ज्यादा आक्रामक नजर आएंगे।
कोच जस्टिन लैंगर ने बताया प्लान (IPL 2026, Rishabh Pant)
जियो-हॉटस्टार से बातचीत में जस्टिन लैंगर ने कहा कि पिछले साल ऋषभ एक नई फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े थे। लिहाजा वे खुद को साबित करने के दबाव में थे। लैंगर के मुताबिक जब ऋषभ हंसते हैं, मुस्कुराते हैं और खेल का आनंद लेते हैं, तब वे दुनिया के सबसे रोमांचक खिलाड़ी और एक शानदार कप्तान बन जाते हैं। पिछले साल वे सबको प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस बार हम एक अलग और हल्के-फुल्के ऋषभ को देख रहे हैं।

पिछले सीजन से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश
लैंगर ने आगे कहा कि पंत अब खिलाड़ियों को बेहतर समझते हैं और टीम का उन पर पूरा भरोसा है। लैंगर ने स्वीकार किया कि पिछले साल मिशेल मार्श, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन जैसे दिग्गजों के होने से लखनऊ की बैटिंग लाइनअप प्रतियोगिता में नंबर-1 थी। लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। इस कमी को दूर करने के लिए इस साल नीलामी में बड़े बदलाव किए गए हैं।
गेंदबाजों के चोटिल होने से परेशान थी टीम
टीम के लिए सबसे बड़ी मजबूती अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का जुड़ना है। लैंगर ने बताया कि टीम लंच के दौरान जब शमी बात करते हैं तो युवा खिलाड़ी उनकी हर बात को बड़े गौर से सुनते हैं। वे टीम में एक बड़े भाई और गुरु (मास्टर-अप्रेंटिस) की भूमिका निभा रहे हैं। लखनऊ की टीम पिछले कुछ समय से मयंक यादव जैसे तेज गेंदबाजों की चोटों से परेशान रही है। इस समस्या से निपटने के लिए फ्रेंचाइजी ने पैट्रिक फारहार्ट के नेतृत्व में एक मेडिकल विभाग तैयार किया है।












Click it and Unblock the Notifications