IPL 2026: रोहित शर्मा के बाद अब अक्षर पटेल भी हुए नाराज, BCCI के बनाए इस नियम पर उठाया सवाल?
IPL 2026 Axar Patel: आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने लीग को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है। चाणक्यपुरी स्थित लीला होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अक्षर पटेल ने आईपीएल के दौरान यूज होने वाले इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर नाराजगी जाहिर की है। अक्षर ने साफ कहा कि यह नियम क्रिकेट की मूल भावना के खिलाफ है और विशेष रूप से ऑलराउंडर्स के करियर के लिए घातक साबित हो रहा है।
अक्षर पटेल ने की इस खास नियम की आलोचना (IPL 2026 Axar Patel)
अक्षर पटेल से पहले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी इस नियम की आलोचना कर चुके हैं। अब दिल्ली के कप्तान के सुर मिलाने से बीसीसीआई पर इस नियम को लेकर दबाव बढ़ना तय माना जा रहा है। मीडिया से बातचीत के दौरान अक्षर पटेल ने बिना किसी दबाव के कहा कि मैं इस नियम को पसंद नहीं करता। इसकी वजह से टीमें अब केवल स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों पर जोर देती हैं।

ऑलराउंडर खिलाड़ी को होता है नुकसान
अक्षर ने आगे कहा कि एक ऑलराउंडर के तौर पर आपकी भूमिका और जगह इससे प्रभावित होती है। हालांकि नियम तो नियम हैं, लेकिन यह खेल के संतुलन को बिगाड़ रहा है। अक्षर का तर्क है कि इम्पैक्ट सब नियम फ्रेंचाइजी को एक सेफ्टी नेट देने का काम करता है, जिससे उन्हें टीम बैलेंस बनाने के लिए ऑलराउंडर खोजने की जरूरत नहीं पड़ती। वे एक अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाते हैं और गेंदबाजी के वक्त उसे विशेषज्ञ गेंदबाज से बदल देते हैं।
रोहित शर्मा ने भी जताई थी चिंता
इससे पहले रोहित शर्मा ने एक पॉडकास्ट में कहा था कि वे इम्पैक्ट प्लेयर नियम के फैन नहीं हैं। रोहित का मानना था कि यह नियम भारतीय क्रिकेट के भविष्य खासकर शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर जैसे उभरते ऑलराउंडर्स के विकास को रोक रहा है। रोहित के मुताबिक क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है, 12 का नहीं। मनोरंजन के नाम पर आप खेल की गहराई से समझौता कर रहे हैं।
आईसीसी जीत के बाद का खालीपन
8 मार्च को भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के 23 दिन बाद आईपीएल मोड में लौटे अक्षर ने अपना अनुभव शेयर किया। उन्होंने स्वीकार किया कि लगातार आईसीसी टूर्नामेंट्स (टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी) में मानसिक रूप से सब कुछ झोंक देने के बाद एक तरह का इमोशनल खालीपन महसूस होता है। उन्होंने इस खालीपन से उबरने के लिए परिवार के साथ समय बिताया और अब वे दिल्ली कैपिटल्स को उसका पहला खिताब दिलाने के लिए पूरी तरह तरोताजा महसूस कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications