Bengaluru Stampede: भगदड़ हादसे के पीड़ितों के लिए RCB का बड़ा ऐलान, हर परिवार को देगी इतना पैसा
Bengaluru Stampede: आईपीएल 2025 जीतने की खुशी बेंगलुरु में 4 जून को एक बड़े जश्न में तब्दील हुई थी। लेकिन यह जश्न एक बड़े हादसे में बदल गया। उस दिन स्टेडियम के बाहर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई। यह घटना हर क्रिकेट प्रेमी के लिए दर्दनाक थी। अब लगभग तीन महीने बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इन परिवारों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।
25 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान (Bengaluru Stampede)
टीम ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि हर पीड़ित परिवार को 25 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। लेकिन टीम ने यह भी साफ किया कि यह मदद सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं है। RCB ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि हमारे दिल 4 जून को टूट गए। हमने अपने RCB परिवार के 11 सदस्यों को खो दिया। उनकी कमी हमें हमेशा महसूस होगी।

RCB ने शुरू की नई पहल
RCB ने इस दौरान एक नई पहल का भी ऐलान किया है, जिसका नाम RCB Cares है। टीम ने इसे एक लंबी प्रतिबद्धता बताया है, जिसका मकसद सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि इन परिवारों की याद को सम्मान देना और आगे भी जरूरत पड़ने पर मदद करना है। इससे पहले 5 जून को हादसे के अगले ही दिन, RCB ने हर परिवार को 10 लाख की सहायता देने की घोषणा की थी।
तीन महीने बाद मदद की घोषणा
अब तीन महीने बाद यह मदद बढ़ाकर 25 लाख कर दी गई है। बयान में टीम ने कहा कि कोई भी मदद उन लोगों की कमी को पूरा नहीं कर सकती। लेकिन यह पहला कदम है। RCB ने पिछले हफ्ते अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा कि इन महीनों की चुप्पी किसी लापरवाही की वजह से नहीं थी, बल्कि यह टीम के शोक का हिस्सा थी। पोस्ट में लिखा था कि The Silence wasn't Absence. It was Grief. यानी चुप्पी अनुपस्थिति नहीं थी, यह दुख था।
इस घटना ने राजनीतिक बहस भी छेड़ दी थी। विपक्षी भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया, जबकि डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने सफाई दी कि वह पुलिस के कहने पर कार्यक्रम खत्म कराने स्टेडियम पहुंचे थे। RCB का यह कदम निश्चित रूप से उन परिवारों को कुछ राहत देगा, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है।












Click it and Unblock the Notifications