IPL 2025 Points Table: SRH भी बाहर, DC के एक पॉइंट से बदला पूरा समीकरण, अब ये टीमें दौड़ में सबसे आगे
पिछले साल की फाइनलिस्ट सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में प्लेऑफ क्वालीफिकेशन की दौड़ से आधिकारिक रूप से बाहर हो गई है, क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उसका घरेलू मैच बारिश के कारण धुल गया।
इस तरह SRH पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ शामिल हो गई, जो पहले ही टॉप-4 की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।
बारिश के कारण हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स दोनों को एक-एक अंक मिला। दिल्ली कैपिटल्स 13 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है, जबकि SRH 11 मैचों में सात अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।

तीन टीमें अब प्लेऑफ की रेस से बाहर
SRH इस सीजन की तीसरी टीम बन गई है जो प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई है। उससे पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सफर भी खत्म हो चुका है।
- SRH - 11 मैचों में सिर्फ 3 जीत, 7 हार और 1 रद्द मुकाबला, कुल 7 अंक
- RR - 12 मैचों में 3 जीत और 9 हार, नेट रन रेट -0.718, कुल 6 अंक
- CSK - 11 मैचों में सिर्फ 2 जीत, 9 हार, नेट रन रेट -1.117, कुल 4 अंकॉ
DC के एक अंक से बदला पूरा समीकरण
दिल्ली कैपिटल्स भले जीत न दर्ज कर सकी, लेकिन वो एक पॉइंट भी टेबल में बड़ा बदलाव ले आया। अब दिल्ली 13 अंकों के साथ टॉप 5 में बनी हुई है और रन रेट भी पॉजिटिव है।
प्लेऑफ के लिए सबसे मजबूत दावेदार टीमें
1. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
आईपीएल 2025 में अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 11 में से 8 मुकाबले जीतकर 16 अंक बटोर लिए हैं। उनका नेट रन रेट +0.482 है, जो उन्हें टॉप पर बनाए हुए है। अब उन्हें सिर्फ एक जीत या एक रद्द मैच की जरूरत है ताकि उनका प्लेऑफ स्थान लगभग पक्का हो जाए।
2. पंजाब किंग्स (PBKS)
पंजाब किंग्स ने 11 में से 7 मुकाबले जीतकर 15 अंक हासिल किए हैं। नेट रन रेट +0.376 है और टीम इस वक्त मजबूत लय में भी नजर आ रही है। सिर्फ एक और जीत के साथ पंजाब प्लेऑफ की टिकट लगभग पक्की कर सकता है।
3. मुंबई इंडियंस (MI)
मुंबई इंडियंस भी 11 में से 7 मैच जीत चुकी है और उनके 14 अंक हैं। खास बात यह है कि उनका नेट रन रेट +1.274 है, जो इस वक्त सभी टीमों में सबसे ज्यादा है। ऐसे में मुंबई को बचे 3 में से 2 मैच जीतने की जरूरत है ताकि सेफ क्वालिफिकेशन मिल सके। अगर सिर्फ एक मैच जीते भी तो NRR उन्हें बचा सकता है।
4. गुजरात टाइटंस (GT)
गुजरात टाइटंस ने अब तक 10 में से 7 मुकाबले जीतकर 14 अंक बनाए हैं और उनका नेट रन रेट +0.867 है। चूंकि उनके पास अभी 4 मैच बाकी हैं, उन्हें कम से कम 2 मुकाबले जीतने होंगे और NRR को भी बनाए रखना होगा ताकि वो बाकी टीमों से आगे रहें।
5. दिल्ली कैपिटल्स (DC)
दिल्ली कैपिटल्स ने 11 में से 6 मैच जीते हैं और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ, जिससे उनके पास फिलहाल 13 अंक हैं। उनका नेट रन रेट +0.362 है। अगर वो बचे 3 में से 2 मैच जीत लेते हैं, तो उनके पास क्वालिफाई करने का अच्छा मौका होगा। अगर 3 में से 3 मैच जीतते हैं, तो प्लेऑफ में पहुंचना तय माना जा सकता है।
अब भी रेस में, लेकिन हालत टाइट है
6. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
कोलकाता नाइट राइडर्स ने 11 में से सिर्फ 5 मुकाबले जीते हैं और फिलहाल उनके 11 अंक हैं। हालांकि उनका नेट रन रेट +0.249 है, जो उन्हें थोड़ी उम्मीद देता है। लेकिन क्वालिफाई करने के लिए अब उन्हें बचे तीनों मैच जीतने होंगे और साथ ही अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
7. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)
लखनऊ ने 10 में से 5 मैच जीते हैं और उनके 10 अंक हैं। लेकिन टीम का नेट रन रेट -0.325 है, जो उनकी सबसे बड़ी मुश्किल है। उन्हें प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए बचे चारों में से कम से कम 3 मुकाबले जीतने होंगे, और साथ ही NRR में भी बड़ा सुधार करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications