IPL 2025 Suspended: भारत-पाक तनाव के बीच BCCI का बड़ा फैसला, IPL को तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड
IPL 2025 Suspended: भारत और पाकिस्तान के बीच हालात अब पूरी तरह युद्ध जैसे हो चुके हैं। इसी वजह से आईपीएल 2025 को अनिश्चितकाल के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई अधिकारियों ने मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया है।
बीसीसीआई सूत्रों ने मीडिया को बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए टूर्नामेंट को तत्काल प्रभाव से रोका गया है। बीसीसीआई ने कहा, 'अभी राष्ट्रीय हित सबसे जरूरी है, आगे जाकर फैसला लिया जाएगा कि टूर्नामेंट फिर कब और कैसे शुरू किया जा सकता है।'

धर्मशाला मैच के दौरान मची अफरा-तफरी
धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चल रहे आईपीएल के 58वें मैच के दौरान अचानक फ्लडलाइट्स बंद हो गईं। पहले इसे तकनीकी दिक्कत माना गया, लेकिन जल्द ही एयर रेड अलर्ट की जानकारी मिलने पर खिलाड़ियों और अधिकारियों को स्टेडियम खाली करने को कहा गया। 80% भरा स्टेडियम खाली करवाया गया और दर्शकों ने बाहर निकलते वक्त 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' जैसे नारे लगाए।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए। इसके बाद पाकिस्तान ने जम्मू, पठानकोट, पंजाब और राजस्थान के इलाकों पर हमले किए, जिन्हें भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया।
पंजाब और अन्य राज्यों में ब्लैकआउट, हाई अलर्ट
भारत-पाक तनाव के बीच पठानकोट, अमृतसर, मोहाली, चंडीगढ़ जैसे कई जिलों में ब्लैकआउट किया गया। एयर रेड सायरन, विस्फोट जैसी आवाज़ें और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी साफ़ दिखी। धर्मशाला से उड़ानें सस्पेंड कर दी गईं।
PSL भी UAE शिफ्ट, क्रिकेट पर युद्ध का असर साफ
जहां भारत ने IPL सस्पेंड किया, वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बाकी बचे मैच पहले ही यूएई में शिफ्ट करने का ऐलान कर दिया। इससे साफ है कि युद्ध जैसे हालात का असर सिर्फ बॉर्डर तक सीमित नहीं रहा, क्रिकेट के मैदान भी इससे अछूते नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications