IPL 2025 में जुर्माने का डबल डोज, PBKS पर फाइनल से पहले एक्शन, MI को हार के बाद भी मिली सजा, पूरी टीम फंसी!
Qualifier 2: PBKS vs MI: क्वालीफायर 2 में जीत का जश्न ठीक से मना भी नहीं पाए कि पंजाब किंग्स के लिए एक बुरी खबर सामने आ गई। IPL ने उनके कप्तान समेत पूरी टीम पर तगड़ा जुर्माना ठोक दिया। वहीं, मुंबई इंडियंस की भी मुश्किलें हार के बाद भी कम नहीं हुईं। उन्हें भी एक और सजा का सामना करना पड़ा। ये सब हुआ स्लो ओवर रेट की वजह से, जिससे दोनों टीमों की जेब पर भारी असर पड़ा।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयर अय्यर (Shreyas Iyer) पर 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने क्वालीफायर 2 में स्लो ओवर रेट बरकरार रखा। यह इस सीजन में उनकी टीम की दूसरी गलती थी, इसलिए जुर्माना भी बड़ा लगा। टीम के बाकी खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर पर भी 6 लाख रुपए या फिर उनके मैच फीस का 25% (जो भी कम हो) का जुर्माना लगा।

मुंबई इंडियंस को डबल झटका, हार के साथ जुर्माना भी
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) पर 30 लाख रुपए का जुर्माना ठोका गया, क्योंकि ये इस सीजन में उनकी टीम की तीसरी गलती थी। साथ ही टीम के बाकी सभी खिलाड़ियों पर 12 लाख रुपए या फिर उनके मैच फीस का 50% (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया गया है।
मैच की बात: श्रेयस का बल्ला और बुमराह की पिटाई
क्वालीफायर 2 में पंजाब किंग्स ने 204 रनों का टारगेट 5 विकेट रहते एक ओवर पहले ही हासिल कर लिया। श्रेयर अय्यर ने 41 गेंदों में नाबाद 87 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे।
शुरुआत में जॉश इंग्लिस (Josh Inglis) ने 21 गेंदों में 38 रन बनाकर बुनियाद रखी और खास बात ये रही कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह के एक ओवर में ही 20 रन लूट लिए। नेहल वढेरा (Nehal Wadhera) ने भी 48 रनों की अहम पारी खेली और श्रेयस के साथ 84 रनों की साझेदारी की।
मुंबई की पारी में ये रहे हीरो
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 203 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव (44 रन) और तिलक वर्मा (44 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की शानदार साझेदारी की। नमन धीर (Naman Dhir) ने अंत में 18 गेंदों पर तेज़ 37 रन ठोक कर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।












Click it and Unblock the Notifications