दर्द से परेशान हैं MS Dhoni, फिर भी CSK के लिए झोंक रहे अपनी जान, 'माही' की ये मजबूरी आई सामने
IPL 2024, MS Dhoni: पंजाब किंग्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में दमदार जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल 2024 में 12 अंक हो गए हैं। जीत के बाद प्लेऑफ की दौड़ में चेन्नई की टीम अभी भी बनी हुई है। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए पंजाब के खिलाफ खेला गया मुकाबला कुछ खास नहीं रहा था।
नौंवे नंबर पर आए थे धोनी
महेंद्र सिंह धोनी पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल सके थे। हर्षल पटेल की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। इस मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी काफी नीचे बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। महेंद्र सिंह धोनी ने अपने टी-20 करियर में पहली बार नौवें नंबर पर आकर बल्लेबाजी की थी। जिसके बाद क्रिकेट के कुछ दिग्गजों ने धोनी के इस फैसले पर सवाल भी उठाया था।

धोनी को लगी है चोट
महेंद्र सिंह धोनी को लेकर अब एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल, टाइम्स आफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी के पैर में चोट लगी हुई है। जिस वजह से वह अधिक भाग दौड़ नहीं कर सकते हैं। यही वजह है कि महेंद्र सिंह धोनी आखिरी के एक-दो ओवर में बल्लेबाजी करने के लिए आते हैं। जिससे उन्हें भाग कर अधिक रन लेने की जरूरत ना पड़े।
खेलने को मजबूर हैं धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स के एक सूत्र के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी को आईपीएल की शुरुआती मुकाबले के दौरान ही पैर में चोट लग गई थी। लेकिन वह इस समस्या के साथ भी टीम के साथ बने रहे और हर मैच में हिस्सा लेते रहे। इसकी एक वजह यह भी थी कि टीम में धोनी के अलावा दूसरा विकेटकीपर बल्लेबाज मौजूद नहीं है। दरअसल, डेवोन कॉन्वे चोटिल होने की वजह से इस सीजन आईपीएल में हिस्सा नहीं ले सके हैं। डेवोन कॉन्वे की जगह चेन्नई सुपर किंग्स ने एक तेज गेंदबाज को अपने साथ शामिल किया था।
सूत्र के मुताबिक अगर डेवोन कॉन्वे उपलब्ध होते तो महेंद्र सिंह धोनी शायद खुद को ब्रेक देने के बारे में सोच सकते थे। लेकिन विकेटकीपर नहीं होने की वजह से वह दवाई लेकर भी मुकाबले खेलने के लिए मैदान पर उतर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications