SRH vs LSG: लखनऊ के सामने 183 रन का लक्ष्य, क्लासेन और समद की विस्फोटक बल्लेबाजी
Sunrisers Hyderabad vs Lucknow Super Giants: लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 182 रन बना लिए हैं।

SRH vs LSG, 58th Match, Indian Premier League 2023: राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 182 रन बना लिए हैं। लखनऊ को यह मैच जीतने के लिए 183 रन बनाने होंगे। अब्दुल समद ने हैदराबाद के लिए चार छक्के और एक चौके की मदद से नाबाद 37 रन बनाए।
अभिषेक शर्मा का नहीं चला बल्ला: अनमोलप्रीत सिंह और अभिषेक शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पारी का आगाज किया। लखनऊ के खिलाफ पहले ही ओवर से हैदराबाद के बल्लेबाज विस्फोटक अंदाज में नजर आए। अभिषेक शर्मा एक बार फिर अपने होमग्राउंड पर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। युद्धवीर सिंह चरक की गेंद पर अभिषेक शर्मा विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच आउट हो गए।
राहुल त्रिपाठी ने भी किया निराश: इस सीजन में राहुल त्रिपाठी का बल्ला भी अब तक बड़ा स्कोर नहीं बना सका है। लखनऊ के खिलाफ नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए राहुल त्रिपाठी ने आते ही तेज गति से रन बनाने की शुरुआत कर दी। राहुल त्रिपाठी 13 गेंदों में 20 रन बनाकर यश ठाकुर की गेंद पर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच आउट हो गए।
अनमोलप्रीत ने बनाए 36 रन: मयंक अग्रवाल की जगह टीम में शामिल किए गए अनमोलप्रीत सिंह ने टीम के लिए अच्छी पारी खेली। अनमोलप्रीत सिंह ने 27 गेंदों में सात चौके की मदद से 36 रन बनाने का काम किया। वह एक छोर से लगातार रन रेट को तेज गति से बढ़ाते रहे। अमित मिश्रा ने अनमोलप्रीत सिंह को आउट कर पवेलियन भेजने का काम किया।
क्रुणाल पांड्या ने बदला खेल: सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज तेज गति से रन बना रहे थे। लेकिन क्रुणाल पांड्या ने एक ही ओवर में दो विकेट झटककर हैदराबाद की पारी पर विराम लगा दिया। क्रुणाल पांड्या ने लगातार दो गेंदों पर एडेन मार्करम और ग्लेन फिलिप्स को आउट किया। एडेन मार्करम 28 रन बनाकर स्टंप आउट हुए, जबकि ग्लेन फिलिप्स अपना खाता खोलने में भी सफलता हासिल नहीं की।
क्लासेन ने बनाए 47 रन: हेनरिक क्लासेन ने अंत के ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। अमित मिश्रा के दो गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाने के अलावा हेनरिक क्लासेन ने और भी कई बेहतरीन शॉट्स लगाए। उन्होंने टीम के लिए 29 गेंदों में सबसे अधिक 47 रन बनाए। आवेश खान ने उन्हें पवेलियन भेजने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications