IPL 2023 KKR Team: क्रिकेट का ‘बाहुबली’ अब क्यों नहीं बचा पा रहा कोलकाता को?
IPL 2023 KKR Team in Hindi: केकेआर की टीम के को-ओनर शाहरुख खान को इस खिलाड़ी में क्रिकेट के बाहुबली की झलक दिखी थी लेकिन इस सीजन में ये खिलाड़ी फ्लॉप चल रहा है।

Kolkata Knight Riders: क्रिकेट के बाहुबली आंद्रे रसेल अब कोलकाता को बचा नहीं पा रहे। कभी खराब फॉर्म तो कभी टीम प्रबंधन के गलत फैसलों की वजह से उनका बल्ला रन नहीं उगल रहा। मुम्बई इंडियंस के खिलाफ रसेल को नम्बर सात पर बल्लेबाजी के लिए भेजना एक गलत फैसला था। वैंकटेश अय्यर के शतक के बावजूद कोलकाता 20 ओवर में केवल 185 रन ही बना सका। वैंकटेश ने 51 गेंदों पर 104 रन बनाये थे।
इस तेज पारी के बाद कोलकाता का स्कोर 200 के पार जाना चाहिए था। रसेल लय में नजर आ रहे थे। उन्हें केवल 11 गेंदें खेलने को मिली जिस पर उन्होंने ताबड़तोड़ नाबाद 21 रन बना दिये। अगर उन्हें ज्यादा गेंदे खेलने को मिलतीं तो कोलकाता 200 से अधिक रन बना कर मुम्बई पर दबाव बना सकता था। लेकिन न जाने क्या सोच कर रसेल को शार्दुल ठाकुर और रिंकू सिंह के बाद बैटिंग के लिए उतारा गया। शार्दुल और रिंकू के सस्ते में निबट जाने से वैंकटेश ने जो मोमेंटम कायम किया था वह बरकरार नहीं रह पाया।
2023 में आंद्रे रसेल की कमजोर फॉर्म
रसेल की कमजोर फॉर्म भी कोलकाता को भारी पड़ रही है। आइपीएल 2023 में अब तक उन्होंने पांच मैच खेले हैं जिनमें उनका स्कोर है- 35,0,1,3, 21 (नाबाद) । कोलकाता को दो बार 200 प्लस का स्कोर चेज करना पड़ा। जिसमें से गुजरात के खिलाफ तो रिंकू सिंह के चमत्कार से वह जीत गया। लेकिन रिंकू सिंह हर बार चमत्कार नहीं कर सकते। रिंकू ही क्या, कोई भी पावर हिटर बैक टू बैक मैच में पांच छक्कों वाला ओवर नहीं खेल सकता।
रिंकू के अलावा ऐसी करिश्माई पारी केवल आंद्रे रसेल से ही आशा की जा सकती है। लेकिन इस सीजन में वे रंग में नहीं हैं। हैदराबाद के खिलाफ अंतिम ओवर में 32 रन बनाने थे रिंकू सिंह के पास स्ट्राइक थी। जीत के लिए उन्हें पहले से भी बड़ा रिकॉर्ड बनान था। छह गेंदों पर छह छक्के लगते तब जा कर बात बनती। लेकिन रिंकू सिंह दूसरी बार असंभव को संभव नहीं कर सके। अगर इस मैच में आंद्रे रसेल ने 30-40 रनों की भी तेज पारी खेली होती तो कोलकाता 229 रन बनाने का रिकॉर्ड भी बना सकता था। हैदराबाद के खिलाफ रसेले ने 5 गेंदें खेल कर सिर्फ 3 रन बनाये। जिसकी वजह से रन रेट बढ़ गया और अंतिम ओवर में कोलकाता के सामने 32 रनों का पहाड़ खड़ा हो गया।
पावर प्ले में कमजोर प्रदर्शन
रसेल के अलावा भी कोलकाता की कई परेशानियां हैं। वह पावर प्ले में विकेट गंवाने की समस्या से भी जूझ रहा है। कोलकाता ने मुम्बई के खिलाफ पहले 6 ओवर में 57 रन बनाये और 2 विकेट गंवा दिये। पावर प्ले में उसका पंजाब के खिलाफ 46/3, बैगलोर के खिलाफ 47/2, गुजरात के खिलाफ 43/2 और हैदराबाद के खिलाफ 65/2 का स्कोर रहा।
पावर प्ले में यह किसी टीम का इस साल दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। दिल्ली ने अभी तक पावर प्ले में सबसे अधिक विकेट गंवाये हैं। इसकी वजह से केकेआर ने पांच में से दो मैच ही जीते हैं।
रसेल पर टीम को अभी भी भरोसा
लेकिन केकेआर प्रबंधन को अभी भी आंद्रे रसेल पर पूरा भरोसा है क्यों कि वह जानता है कि वे कभी भी अकेले दम पर मैच पलटने की ताकत रखते हैं। वैसे भी टीम के को-ओनर शाहरुख खान उन्हें व्यक्तिगत रूप से बहुत पसंद करते हैं। 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स के मैच में रसेल ने अपने बल्ले से ऐसी आतिशबाजी की थी कि मैदान पर दिवाली का नजारा दिख रहा था।
पंजाब ने पहले खेलते हुए 137 रन बनाये थे। लेकिन इसके जवाब में कोलकाता की शुरुआत बहुत खराब रही। 51 रन पर ही चार विकेट गिर गये और टीम पर हार का खतरा मंडराने लगा। इस कठिन मोड़ पर कोलकाता के संकटमोचक बने आंद्रे रसेल।
आंद्रे रसेल- क्रिकेट का बाहुबली
रसेल, पंजाब के गेंदबाजों पर कहर बन कर टूट पड़े। 31 गेंदों पर 2 चौके और 8छक्कों की मदद से 70 रन ठोक दिये और कोलकाता 14.3 ओवर मे ही मैच (138) जीत गया। रसेल की इस पारी पर शाहरुख खान इतने खुश हुए कि उन्होंने ट्वीटर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं- स्वागत है मेरे दोस्त रसेल। अरसे बाद इतनी ऊंची उड़ती हुई गेंदों को देखा है। जब आप गेंद पर प्रहार करते हैं तो इसे रोक पाना मुश्किल होता है।
शाहरुख खान की नजर में आंद्रे रसेल क्रिकेट के बाहुबली हैं। 2019 में बैंगलोर ने 205 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। कोलकाता रन चेज कर रहा था। आंद्रे रसेल जब बैटिंग के लिए आये तब जीत के लिए 26 गेंदों पर 67 रनों की जरूरत थी रसेल ने सिर्फ 13 गेदों में 48 रन बना कर कोलकाता को हैरतअंगेज जीत दिला दी थी। इस पारी में उन्होंने 7 छक्के और एक चौका लगा कर बैंगलोर के जबड़े से मैच छीन लिया था। उन्होंने पहली चार गेंदों पर एक रन बनाया था। इसके बाद अगली 9 गेंदों पर 47 रन बना कर सभी को हक्का बक्का कर दिया था। तब आंद्रे रसेल को निर्दयी और दयाहीन बल्लेबाज करार दिया गया था। इस जीत के बाद शाहरुख खान ने उन्हें क्रिकेट का बाहुबली बताया था।












Click it and Unblock the Notifications