'मुझे बहुत सिरदर्द दिया...,' इंग्लैंड के पूर्व कोच ने Hardik Pandya को बताया विपक्षी टीमों के लिए खतरा
IPL 2023: कप्तान हार्दिक पांड्या ने पिछले सीजन में अपने नेतृत्व कौशल और प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था, लेकिन आईपीएल के 16वें सीजन में उन्होंने अभी तक कुछ खास कमाल नहीं दिखाया है।

IPL 2023, Hardik Pandya: आईपीएल का 30वां मुकाबला आज गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायटंस के बीच खेला जा रहा है। हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम ने पांच मैच खेले हैं, जिसमें दो में हार मिली है। कप्तान पांड्या ने पिछले सीजन में अपने प्रदर्शन से सभी को काफी प्रभावित किया था। इस साल उन्होंने अभी तक अपने बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखाया है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर पॉल कॉलिंगवुड ने पांड्या की जमकर प्रशंसा की और उन्हें 'रॉकस्टार' के साथ में सिरदर्द भी बताया है।
पॉल कॉलिंगवुड ने पांड्या को बताया सिरदर्द
दरअसल, पांड्या की प्रशंसा के साथ कॉलिंगवुड ने यह भी खुलासा किया कि इंग्लैंड के कोच के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पांड्या ने उन्हें काफी सिरदर्द दिया है। स्टार स्पोर्ट्स क्रिकेट लाइव में पॉल कॉलिंगवुड ने कहा कि, 'हार्दिक पांड्या एक रॉकस्टार हैं और सबसे मनोरंजक खिलाड़ियों में से एक हैं। वह अच्छे कप्तान हैं। जब हम भारत के खिलाफ खेले तो इंग्लैंड के कोच के रूप में उन्होंने मुझे सबसे ज्यादा सिरदर्द दिया। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने प्रदर्शन से खेल का रंग बदल सकते हैं और यही चीज उन्हें किसी भी विपक्षी टीम के लिए खतरा बनाती है।'
हार्दिक पांड्या ने अब तक नहीं किया कुछ खास प्रदर्शन
हालांकि, यह अलग बात है कि हार्दिक का टूर्नामेंट में अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा है, क्योंकि उन्होंने चार मैचों में केवल 49 रन बनाए हैं। इसके अलावा वह सिर्फ एक विकेट ही हासिल कर सके हैं। गुजरात टाइटंस आज लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना कर रही है।
अब तक मजबूत स्थिति में है गुजरात टाइटंस
फिलहाल, दोनों ही टीमें मजबूत स्थिति में हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें से चार मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है, लखनऊ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। वहीं गुजरात टाइंटस ने अब तक पांच मैच खेले हैं, जिसमें तीन में जीत मिली है, जबकि दो में हार का सामना करना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications