IPL 2023: अपने आखिरी IPL सीजन में धमाल मचाने को तैयार धोनी, नेट्स पर दिखा पुराना अंदाज
IPL 2023, MS Dhoni Practice Video Viral: महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो। लेकिन आईपीएल में अभी भी वह अपने बल्ले से कमाल करते नजर आ जाते हैं।

IPL 2023, MS Dhoni Practice Video Viral: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपना आखिरी आईपीएल सीजन खेलने की तैयारियों में जुट गए हैं। धोनी ने काफी पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। यही वजह है कि आईपीएल शुरू होने से लगभग एक महीने पहले ही धोनी ने लीग के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। वह अपने आखिरी आईपीएल सीजन को फैंस और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यागदार बनाना चाहेंगे।
धोनी ने शुरू कर दी आईपीएल की प्रैक्टिस
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2023 के लिए प्रैक्टिस शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर धोनी का प्रैक्टिस वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। धोनी नेट्स पर जमकर शॉट्स लगा रहे हैं। इस दौरान उनके बल्ले से मैदान के चारों तरफ शॉट्स निकल रहे हैं। धोनी के वीडियो पर लगातार माही के फैंस भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं। आईपीएल शुरू होने से पहले ही चेन्नई ने इस बात का ऐलान कर दिया है कि यह धोनी का बतौर खिलाड़ी आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।
गुजरात से होगा चेन्नई का मुकाबला
आईपीएल 2023 के सीजन का आगाज हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच के साथ होगा। दोनों ही टीम 31 मार्च को आईपीएल के पहले मैच के लिए मैदान पर उतरेगी। गुजरात ने पिछले साल आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। धोनी और पंड्या की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है, ये दोनों अक्सर एक साथ स्पॉट किए जाते रहे हैं। ऐसे में पहले मुकाबले में दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
चेपॉक में खूब चलता है माही का बल्ला
आईपीएल में अपने होम ग्राउंड पर धोनी की टीम को मात देना किसी के लिए आसान नहीं है। धोनी का प्रदर्शन भी इस पिच पर शानदार रहा है। अगर इस साल चेन्नई की टीम प्लेऑफ में क्वॉलिफाई नहीं कर पाती है तो इसी मैदान पर धोनी का आखिरी मुकाबला हो सकता है। फ्रेंचाइजी ने 14 मई को केकेआर के खिलाफ होने वाले मैच को धोनी का फेयरवेल मैच घोषित किया है। चेपॉक में धोनी ने 48 पारियों में 44 की औसत और 143 की स्ट्राइक रेट के साथ 1363 रन बनाए हैं। धोनी की कोशिश इस सीजन भी अपने होम ग्राउंड पर चौके-छक्कों की बारिश करने की होगी।












Click it and Unblock the Notifications