IPL Auction 2023: वीरेंद्र सहवाग के भतीजे पर SRH ने खूब लुटाया पैसा, 1 करोड़ 80 लाख देकर राजस्थान को पछाड़ा
IPL Auction 2023 Mayank Dagar: आईपीएल नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक खिलाड़ी को लेकर जोरदार टक्कर देखने को मिली। दोनों ही टीम इस खिलाड़ी को खरीदना चाहते थे।

IPL Auction 2023 Mayank Dagar: भारतीय टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते रहे हैं। आईपीएल में भी सहवाग ने कई यादगार पारियां खेली हैं। लंबे समय तक दिल्ली के लिए खेलने वाले सहवाग ने अपना आखिरी सीजन पंजाब किंग्स के लिए खेला था। सहवाग की तरह अब उनका भतीजा भी आईपीएल में अपना जलवा बिखेरने को तैयार है।
मयंक डागर को हैदराबाद ने खरीदा
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने मयंक डागर को भारी भरकम रकम में खरीदने का काम किया है। ऑक्शन में 20 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले मयंक को नीलामी में 1.80 करोड़ रुपये मिले। मयंक को खरीदने के लिए राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच लंबे समय तक बीड चलती रही। आखिरकार हैदराबाद की टीम ने उन्हें खरीदने में कामयाबी हासिल की।
आईपीएल में अब तक नहीं हुआ है डेब्यू
साल 2016 में अंडर-19 विश्व कप का फाइनल खेलने वाली टीम में मयंक डागर भी शामिल थे। इससे पहले आईपीएल में मयंक डागर पंजाब किग्स का हिस्सा रह चुके हैं। लेकिन पंजाब की ओर से उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिला। इस साल हिमाचल प्रदेश की टीम की तरफ से खेलते हुए मयंक ने सैय़द मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था। फाइनल मैच में भी उनके बल्ले से टीम के लिए अहम रन निकले थे, इसके साथ-साथ उन्होंने दो जरूरी विकेट भी चटकाए थे।
पहली बार मिल सकता है खेलने का मौका
मंयक ने अब तक 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 87 विकेट लिए हैं वहीं उन्होंने 20.32 के औसत से 732 रन भी बनाए हैं। वहीं मयंक अपने करियर के 44 टी20 मैच में 21.70 के औसत से 44 विकेट लिए हैं। मयंक को इस साल हैदराबाद के लिए आईपीएल खेलने का मौका मिल सकता है। जगदीश सुचित को रिलीज कर हैदराबाद की टीम ने मयंक को अपने साथ जोड़ने का काम किया है। मयंक अपनी फिटनेस के लिए भी पॉपुलर हैं, अक्सर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती है।












Click it and Unblock the Notifications