'अर्जुन तेंदुलकर नहीं निकाल पाएंगे स्पीड', राशिद लतीफ ने कहा- किसी और टीम से खेलते तो बात अलग होती
Arjun Tendulkar Bowling Action: अर्जुन तेंदुलकर की बॉलिंग स्पीड को लेकर राशिद लतीफ ने बड़ी बात कही है। साथ ही कहा है कि अगर वे किसी और फ्रेंचाइजी से खेलते तो उनका रवैया बिल्कुल अलग होता।

Arjun Tendulkar Bowling: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ को लगता है कि अर्जुन तेंदुलकर फिलहाल ज्यादा तेज गति से गेंदबाजी करने में सफल नहीं होंगे क्योंकि उनका एलाइनमेंट अच्छा नहीं है।
अर्जुन ने मुंबई इंडियंस के लिए पिछले दो मैच खेले हैं और केकेआर के खिलाफ उन्होंने डेब्यू किया था। लेकिन विकेट उनको उससे अगले मुकाबले में मिला जब उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के भुवनेश्वर कुमार को आउट किया।
स्पीड एक समस्या है- दोनों मैचों में अर्जुन ने ठीक-ठाक गेंदबाजी है और दूसरे मैच में 3 विकेट लेने के साथ किफायती भी रहे थे लेकिन उनकी गेंदबाजी स्पीड को लेकर चिंताएं व्यक्त जरूर की जा रही है।
राशिद लतीफ को लगता है कि इस युवा खिलाड़ी को अभी अपनी बॉडी पर बहुत ज्यादा काम करना है क्योंकि उनका बैलेंस सही नहीं है। कुछ ऐसी बातें कमेंट्री में मौजूद आरपी सिंह ने भी कही थी कि अर्जुन का वेट ट्रांसफर स्मूथ तरीके से नहीं हो पाता है इसलिए उनको अपने एक्शन के लास्ट हिस्से में वह स्पीड नहीं मिलती जिसकी अपेक्षा की जाती है।
लतीफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, "अर्जुन अभी खेल रहे हैं। उन्हें काफी काम करना है। उनका एलाइनमेंट अच्छा नहीं है तो वह स्पीड नहीं निकाल पाएंगे। एक बढ़िया बायोमैकेनिकल सलाहकार को अर्जुन पर काम करना होगा। तब शायद वे अपनी गेंदबाजी में स्पीड निकाल पाएंगे।"
"यह थोड़ा सा नाजुक विषय है- कोचिंग करना और खिलाड़ी को बदलना। सचिन ऐसा अपने आप भी कर सकते थे लेकिन वे देश के डोमेस्टिक क्रिकेट पर भरोसा करते हैं। आपका बेस मजबूत होना जरूरी है।"
क्या है प्रॉब्लम- "जब अर्जुन लैंड करता है तो वह अंदर जाने की जगह बाहर चला जाता है। उसका बैलेंस सही नहीं है और इस वजह से उसकी स्पीड पर असर पड़ा है। लेकिन अभी वह अपने शुरुआती दौर में है और अच्छा बल्लेबाज है। वो 135 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकता है। दो-तीन साल में वो अच्छा खिलाड़ी बन सकता है।"
सचिन तेंदुलकर खुद मुंबई इंडियंस खेमे का हिस्सा है और वे अपने बेटे के मुकाबले के दौरान डगआउट में मौजूद रहते हैं। राशिद लतीफ का मानना है अगर अर्जुन किसी और फ्रेंचाइजी से खेल रहे होते तो उनका माइंडसेट अलग किस्म का होता।
लतीफ अपनी बात को समझाते हुए कहते हैं, "अगर वह किसी और फ्रेंचाइजी से खेल रहा होता जैसे कि सनराइजर्स हैदराबाद, तो उसका रवैया बिल्कुल अलग होता। अब उसके पिता भी ड्रेसिंग रूम में मौजूद होते हैं। पिता का रोल अब अर्जुन की निजी जिंदगी में ही होना चाहिए।"
बता दे मुंबई इंडियंस की टीम लगातार जीत रही है और उम्मीद है कि वह इस बार प्लेऑफ का सफर तय करेंगे क्योंकि उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली है। हालांकि टीम को अपने बड़े खिलाड़ियों के बिना अभी भी लंबा सफर तय करना है। उनकी टीम शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला करेगी।












Click it and Unblock the Notifications