IPL 2022: बटलर के शतक और चहल की हैट्रिक से जीता राजस्थान, आखिरी ओवर तक बना रहा रोमांच
मुंबई, अप्रैल 18। आईपीएल के 30वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने बेहद रोमांचक अंदाज में कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हरा दिया है। 218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम 19.4 ओवर में 210 रनों पर सिमट गई। राजस्थान की जीत में पहले जोस बटलर के शतक और फिर युजवेंद्र चहल की हैट्रिक की सबसे बड़ी भूमिका रही। चहल ने पारी के 17वें ओवर में 2 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया। चहल ने आईपीएल 2022 की पहली हैट्रिक अपने नाम की है। उन्होंने मैच में 5 बल्लेबाजों को आउट किया। इस तरह चहल ने आईपीएल इतिहास में पहली बार 5 विकेट अपने नाम किए। युजी चहल ने हैट्रिक वाले ओवर में वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर, शिवम मावी और पैट कमिंस का विकेट निकाला।

मैच में आखिरी ओवर तक रहा रोमांच
राजस्थान और केकेआर के बीच मैच में आखिरी ओवर तक रोमांच बना रहा। दरअसल, 17वें ओवर में युजवेंद्र चहल की हैट्रिक के बाद यह लगने लगा था कि अब जीत राजस्थान की ही होगी, लेकिन 18वें ओवर में उमेश यादव ने 2 छक्के और 1 चौका जड़कर मैच का रूख केकेआर की तरफ मोड़ दिया। ट्रेंट बोल्ट के इस ओवर में 20 रन आए। आखिरी के दो ओवरों में केकेआर को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे, लेकिन जैक्सन और उमेश यादव के आउट होने के बाद मैच केकेआर की पकड़ से निकल गया।

बेकार गई श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी
आपको बता दें कि केकेआर की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 51 गेंदों में 85 रन बनाए। वहीं ओपनर एरॉन फिंच ने भी 58 रनों की पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कोई भी बैट्समैन कुछ खास नहीं कर पाया। केकेआर की शुरुआत ही खराब रही थी और मैच की पहली ही गेंद पर सुनील नारायण रन आउट हो गए। इसके बाद केकेआर की कमर तोड़ने का काम किया युजवेंद्र चहल की हैट्रिक ने और फिर आखिर ओवर में ओबेड मैकॉय ने 2 विकेट निकालकर राजस्थान की जीत सुनिश्चित कर दी।

बटलर ने खेली शतकीय पारी
इससे पहले कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने आई राजस्थान रॉयल्स की टीम की शुरुआत शानदार रही और पहले विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। देवदत्त पाडिकल और जोंस बटलर ने पहले 6 ओवर के अंदर 60 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए थे। पाडिकल 10वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन बटलर की विस्फोटक पारी जारी रही और उन्होंने इस सीजन का दूसरा शतक ठोक दिया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर मिशेल मार्श कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती कराए गए












Click it and Unblock the Notifications