IPL 2022: 'हम 180 रन बना देते तो हम मैच जीत सकते थे', पंजाब की हार पर बोले कप्तान मयंक अग्रवाल
नई दिल्ली, अप्रैल 20। आईपीएल के 32वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किंग्स इलेवन पंजाब को 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही पंजाब की टीम पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली की टीम 6वें स्थान पर आ गई है। दिल्ली के खिलाफ मिली हार के बाद पंजाब के कप्तान मयंक अग्रवाल ने मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कहा कि हमने बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही बहुत खराब की, अगर हमारे 180 रन बोर्ड पर होते तो हम कड़ी टक्कर दे सकते थे।

हार पर क्या बोले मयंक अग्रवाल
मयंक अग्रवाल ने कहा है, "आज का दिन हमारे बहुत चुनौतीपूर्ण था, लेकिन आगे बढ़ने के लिए हमें इससे अच्छी सीख कुछ नहीं मिल सकती। हमें इस हार को लेकर ज्यादा नहीं सोचना है और बस आगे के मैचों के बारे में सोचना है। हमने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही अच्छी नहीं की, लेकिन फिर भी हमें आगे बढ़ने की जरूरत है, हमने बहुत जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए, जो कि चिंता का विषय है। कुल मिलाकर अगर स्कोरबोर्ड पर हमारे 180 रन होते तो एक कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता था।" इस दौरान मयंक ने यह भी कहा कि अगर मैं स्पिनरों को गेंदबाजी पहले देता तो काफी कुछ हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
कोरोना को लेकर क्या बोले पंत?
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने इस बड़ी जीत पर पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर की पीठ थपथपाई। पंत ने कहा कि यह मैच हमारे लिए इतना आसान नहीं था, क्योंकि मैच से पहले हमारे प्रैक्टिस कैंप में कंन्फ्यूजन थी, क्योंकि सुबह पता चला था कि टिम सिफर्ट कोरोना संक्रमित हो गए हैं, हमें लग रहा था कि मैच नहीं होगा, हमने एक टीम मीटिंग की और फिर तय किया कि हमें सिर्फ मैच पर फोकस करना है। पंत ने कहा कि बाहर से इतना शोर था कि हमने सोचा कि हम मैच पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
पृथ्वी और वॉर्नर के रोल को टीम में हर कोई समझता है- पंत
ऋषभ पंत ने डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ की बल्लेबाजी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैं वॉर्नर को पूरी तरह से अकेला छोड़ देता हूं, क्योंकि पृथ्वी और वॉर्नर के रोल को टीम में हर कोई समझता है। पंत ने कहा कि हम हर मैच में सुधार करना चाहेंगे और केवल यही एक चीज है जिसे हम नियंत्रित कर सकते हैं, परिणाम हमारे नियंत्रण में नहीं हैं लेकिन हम अपनी गलतियों से सीख सकते हैं। पंत ने कहा कि ऐसे विकेट पर मुझे लगा कि गेंद थोड़ी रुक रही है और इसलिए मैंने स्पिनरों का ज्यादा इस्तेमाल किया।












Click it and Unblock the Notifications