IPL 2022 में अपनी रफ्तार से कहर बरपाने वाले उमरान मलिक हुए मालामाल, जानें कितना पैसा ले गए घर
सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने इस सीजन अपनी लगातार 150 से ज्यादा की स्पीड से गेंद फेंकने की काबिलियत और उसी स्पीड के साथ बल्लेबाजों को परेशान कर विकेट निकालने के अपने हुनर से सभी को हैरान कर दिया।

नई दिल्ली: सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने इस सीजन अपनी लगातार 150 से ज्यादा की स्पीड से गेंद फेंकने की काबिलियत और उसी स्पीड के साथ बल्लेबाजों को परेशान कर विकेट निकालने के अपने हुनर से सभी को हैरान कर दिया। उमरान मलिक ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और सीजन के अंत में भले ही वो अपनी टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में नाकाम रहे हों लेकिन उन्होंने अपने हुनर के दम पर भारतीय टीम में जगह जरूर हासिल कर ली। जहां कुछ मैचों में उमरान मलिक का प्रदर्शन अपनी टीम के काम नहीं आया तो वहीं पर उनकी ओर से किये गये कुछ प्रदर्शन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
Recommended Video
उमरान मलिक ने इस दौरान कई बेहतरीन प्रदर्शन किये और सीजन के फाइनल मैच तक आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ था, हालांकि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गये इस आखिरी मैच में गुजरात टाइटंस के लॉकी फर्ग्यूसन ने अपने पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर 157.3 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गेंद फेंककर उमरान के हाथों से इस रिकॉर्ड को छीन लिया, जिसके चलते वो यह अवॉर्ड अपने नाम नहीं कर सके।

हर मैच में जीता सबसे तेज गेंद फेंकने का इनाम
हालांकि इसके बावजूद उमरान मलिक ने कई बेहतरीन प्रदर्शन कर सिर्फ इनाम के रूप में काफी राशि इकट्ठा की, आइये एक नजर इस तेज गेंदबाज की ओर से पूरे सीजन में जीती गई राशि पर डालते हैं। उमरान मलिक ने लीग स्टेज के दौरान खेले गये हर मैच में सबसे तेज गेंद फेकने के लिये मिलने वाली राशि को अपने नाम किया और 14 मैचों में प्रति मैच एक लाख रुपये के हिसाब से 14 लाख रुपये अपने नाम किया। उल्लेखनीय है कि उमरान मलिक ने हर मैच में यह राशि 150 से ज्यादा की स्पीड से गेंद फेंकते हुए हासिल की।

लगातार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते रहे उमरान मलिक
इस दौरान भारतीय क्रिकेट का यह युवा गेंदबाज लगातार अपना ही स्पीड का रिकॉर्ड तोड़ता रहा और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गये मैच में 157 किमी प्रति घंटे की स्पीड से अपना निजी बेस्ट हासिल किया। उनका यह रिकॉर्ड फाइनल मैच तक बरकरार रहा लेकिन फर्ग्यूसन ने आखिरी मैच में सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मलिक ने अपने प्रदर्शन के दम पर पंजाब किंग्स (4/28) और गुजरात टाइटंस (5/25) के खिलाफ खेले गये मैचों में प्लेय़र ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता जिसके लिये उन्हें एक-एक लाख रुपये का इनाम मिला। इन दोनों ही मैचों में उन्हें गेमचेंजर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला और इसको लेकर उन्हें एक-एक लाख रुपये का अतिरिक्त इनाम मिला।

14 मैचों में हासिल किया 29 लाख का इनाम
पंजाब किंग्स के खिलाफ उमरान मलिक ने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 28 रन देकर 4 विकेट हासिल किये थे, इसके लिये उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला और इसके लिये उन्हें एक लाख का इनाम दिया गया। मलिक ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया और हर्षल पटेल के बाद सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले अनकैप्ड गेंदबाज बनें और इसी को देखते हुए उन्हें फाइनल मैच के बाद की गई अवॉर्ड सेरेमनी में इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया और इसको लेकर उन्हें 10 लाख रुपये का इनाम दिया गया। इस तरह से उमरान मलिक ने इस सीजन कुल 29 लाख रुपये बतौर इनाम में हासिल किये।












Click it and Unblock the Notifications