IPL 2022: भारतीय पेसर ने बताया, रिकी पोंटिंग ने क्या कर रखी है उसके लिए भविष्यवाणी
नई दिल्ली, 26 मार्च: दिल्ली कैपिटल्स के दिग्गज रिकी पोंटिंग आज ऐसे दिग्गज कोच के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं कि हर कोई उनके साथ काम करने के लिए उतावला है। इसकी वजह यह है रिकी पोंटिंग से सीखने के लिए बहुत कुछ मिलता है। यही कारण है कि पोंटिंग के हमवतन शेन वॉटसन भी दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच बनने से खुद को इसलिए नहीं रोक पाए क्योंकि वहां पर पोंटिंग जैसा शख्स मौजूद था। टीम के बॉलिंग कोच अजीत अगरकर साफ कह चुके हैं कि पोंटिंग एक बहुत बड़ी वजह हैं जो प्रोफेशनल लोग दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ना चाहते हैं।

हर खिलाड़ी के अजीज रिकी पोंटिंग-
ऋषभ पंत के साथ पोंटिंग के संबंध बेहद मधुर हैं और पिछले कुछ सालों में इस विकेटकीपर बल्लेबाज के अंदर आत्मविश्वास में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। एक समय था जब पंत पर करियर के रसातल में जाने लगे थे लेकिन पोंटिंग ने इस खिलाड़ी को पूरी तरह से सपोर्ट किया था। पंत का आज का प्रदर्शन बताता है कि मुश्किल समय में पोंटिंग का विश्वास उनके लिए कितना अहम था।

आवेश खान को पोंटिंग ने कैसे प्रेरित किया-
दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछले सीजन में कमाल की गेंदबाजी करके नाम बना चुके आवेश खान भी ऐसे खिलाड़ी हैं पोंटिंग के मुरीद हैं।
भारतीय तेज गेंदबाजी सनसनी आवेश खान पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बने और इस सीजन में वे लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। सीजन का पहला मैच खेलने से पहले आवेश खान ने बताया है कैसे रिकी पोंटिंग के शब्दों ने उनके प्रदर्शन को पिछले सीजन में प्रेरित किया।

रिकी सर ने मुझसे ये कहा था-
आवेश खान ने बैकस्टेज विद बोरिया शो पर यू-ट्यूब पर बात करते हुए कहा, मेरे सीजन के पहले मैच से पूर्व रिकी सर ने अपने हाथ मेरे कंधे पर रखे और कहा- ये तुम्हारा समय है। अब तुम्हे खुद को साबित करना है क्योंकि तुम पिछले चार साल से दिल्ली के साथ हो।
खान ने कहा कि रिकी सर ने मुझे हमेशा प्रेरित किया और कहा- 'एक दिन तुम भारत का गौरव बनोगे।'

पहले दिल्ली अब लखनऊ के लिए करना है वही काम-
"वे मुझसे कहते हैं कि अपनी बारी के लिए तैयार रहो क्योंकि मैं ऐसे खिलाड़ियों के ग्रुप में था जिनको मौका मिलना था। किसी तरह से बस मैं प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पाया लेकिन पिछले सीजन में पहले ही मैच से में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा और उम्मीदों पर खरा उतरने में कामयाब रहा।"
आवेश खान ने पिछले सीजन में 24 विकेट लिए थे और सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में दूसरे स्थान पर रहे थे। हालांकि उनको दिल्ली कैपिटल्स ने इस बार रिलीज कर दिया है और फिर लखनऊ फ्रेंचाइजी ने 10 करोड़ रुपये की भारी कीमत में खान को खरीदा है।












Click it and Unblock the Notifications