संकट में चमका नया चेज किंग! तिलक वर्मा ने कैसे पलटी हारी हुई बाजी, आंकड़ों में समझिए पूरी कहानी
Tilak Varma: टी20 क्रिकेट में जब कोई टीम शुरुआती विकेट गंवा देती है, तो अक्सर बल्लेबाजों पर तेजी से रन बनाने का दबाव बढ़ जाता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 में तिलक वर्मा ने दिखाया कि मुश्किल चेज में सिर्फ बड़े शॉट नहीं, सही समय पर सही फैसला लेना भी जरूरी होता है।
भारत ने 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय अपने छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बावजूद तिलक और नितीश कुमार रेड्डी ने न सिर्फ मैच को रोमांचक बनाया, बल्कि भारत को एक गेंद शेष रहते जीत भी दिला दी। यह एक ऐसी जीत थी, जिसका क्रेडिट तिलक वर्मा को जाता है, हिंदुस्तान से लेकर पाकिस्तान तक के पैनल डिस्कशन में सिर्फ तिलक वर्मा की बात होते देखी गई है।

शुरुआत से आखिरी ओवर तक कैसे बदला मैच?
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 180 रन बनाए थे। ग्लेन फिलिप्स ने 43 गेंदों पर 70 रन की पारी खेलकर मेजबान टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में उतरी भारतीय टीम की राह आसान नहीं थी। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकाले और मिचेल सैंटनर ने अपनी स्पिन से भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया।
तिलक वर्मा जब बल्लेबाजी के लिए आए, तब भारत का स्कोर 69/4 था। इसके बाद भी विकेट गिरते रहे और टीम 112/6 तक पहुंच गई। यहां से भारत को जीत दिलाने की जिम्मेदारी तिलक के कंधों पर थी। नमन धीर की 17 गेंदों पर 31 रन की पारी ने भारत को मुकाबले में बनाए रखा लेकिन उनके आउट होने के बाद एक और विकेट गिरता तो मैच न्यूजीलैंड के पक्ष में जा सकता था।

तिलक ने जल्दबाजी नहीं, रणनीति से निकाला रास्ता
तिलक ने 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल था। इस पारी की अहमियत केवल स्ट्राइक रेट में नहीं, बल्कि उस परिस्थिति में थी जिसमें उन्होंने रन बनाए। तिलक ने स्पिन के खिलाफ हर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने गैप ढूंढे, तेजी से रन दौड़े और सिंगल को दो रन में बदलने पर जोर दिया। यह रणनीति इसलिए भी महत्वपूर्ण थी, क्योंकि हैगले ओवल की पिच पर गेंद हर बार बल्ले पर आसानी से नहीं आ रही थी और मैदान की बाउंड्री भी बड़ी थीं।
तिलक ने मैच के बाद बताया कि उन्होंने नमन धीर से स्पिनरों के खिलाफ तेजी से रन लेने की बात कही थी। उनका मानना था कि अगर नमन सैंटनर के आखिरी ओवर में आउट नहीं होते, तो भारत 18वें ओवर में ही मुकाबला खत्म कर सकता था।
आखिरी तीन ओवर में 46 रन, फिर भी नहीं टूटा भरोसा
मैच का सबसे दिलचस्प हिस्सा अंतिम तीन ओवर रहे। भारत को जीत के लिए 18 ओवर खत्म होने के आसपास भी तेजी से रन बनाने थे। इसके बाद बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाजों के खिलाफ मौके का फायदा उठाया। 18वें ओवर में 17 रन आए, जबकि 19वें ओवर में भारत ने 18 रन बटोर लिए।
इससे आखिरी छह गेंदों पर लक्ष्य 11 रन रह गया। दबाव के बीच तिलक और नितीश ने संयम बनाए रखा। नितीश ने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए और निर्णायक समय पर तिलक का साथ दिया। उनकी 30 गेंदों पर 69 रन की अटूट साझेदारी भारत की जीत का सबसे बड़ा आधार बनी।

नंबर 8 पर बल्लेबाज के साथ ने बदली तस्वीर
इस मुकाबले में भारतीय टीम मैनेजमेंट के बल्लेबाजी क्रम पर भरोसे की भी परीक्षा थी। नितीश कुमार रेड्डी निचले क्रम में उतरे लेकिन उन्होंने तिलक के साथ मिलकर दिखाया कि ऐसे बल्लेबाज मुश्किल परिस्थितियों में कितने उपयोगी हो सकते हैं। दोनों ने जोखिम लेने और विकेट बचाने के बीच संतुलन बनाया।
भारत की यह जीत बताती है कि टी20 में बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए हर गेंद पर बड़ा शॉट लगाना जरूरी नहीं। साझेदारी, रनिंग बिटवीन द विकेट्स और आखिरी ओवरों के लिए सही गेंदबाजों को निशाना बनाना भी उतना ही अहम है। तिलक ने पारी को संभाला और नितीश ने उस भरोसे को जीत में बदल दिया। इसी के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
इस जीत के बाद अब तिलक वर्मा को भारत का नया चेज मास्टर कहा जा रहा है। यह भी माना जा रहा है कि तिलक वर्मा बैटिंग की शुरुआत में बिल्कुल अटैक नहीं करते हैं। इससे विपक्षी टीम को उनकी मानसिकता समझने में देरी हो जाती है और बल्लेबाज बाद में अपना असली रंग दिखाकर मैच खत्म करता है।


Click it and Unblock the Notifications
