ODI वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा, युवा खिलाड़ी बाहर, किन प्लेयर्स को मिली जगह?
Indian Women Team: वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा हो गई है, शैफाली वर्मा को भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है, जो उनके लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। दूसरी ओर, तेज़ गेंदबाज़ रेणुका ठाकुर ने लंबे समय तक चोटिल रहने के बाद 15 सदस्यीय विश्व कप टीम में जगह बना ली है।
रेणुका ठाकुर सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगी, जो विश्व कप से पहले एक अहम तैयारी होगी। उन्हें WPL 2025 के बाद पैर की चोट के चलते श्रीलंका में हुई त्रिकोणीय सीरीज़ से बाहर कर दिया गया था और तब से उन्होंने कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है।

वनडे वर्ल्ड कप के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज खेली जानी है, अमनजोत कौर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से आराम दिया गया है, हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर उनको हल्की चोट भी थी।
इस बार के विश्व कप में कई नए चेहरों को मौका मिला है। नंबर 3 पर बल्लेबाज़ी करने वाली हरलीन देओल, ऑलराउंडर अमनजोत कौर और अरूंधति रेड्डी, लेफ्ट-आर्म स्पिनर्स राधा यादव और श्री चरनी, साथ ही तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़, जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में छह विकेट झटककर शानदार प्रदर्शन किया था, सभी पहली बार वनडे विश्व कप का हिस्सा बनेंगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज होगी, इस सीरीज़ के पहले दो मुकाबले 14 और 17 सितंबर को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेले जाएंगे, जबकि अंतिम मैच 20 सितंबर को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, वर्ल्ड कप से पहले तैयारी का यह अच्छा मौका होगा।
इस टीम के साथ वर्ल्ड कप जीतने की संभावना पर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि यही टीम इंग्लैंड सीरीज़ में भी खेली थी और हम काफी समय से एक साथ खेल रहे हैं। मेरी नज़र में टीम काफी संतुलित लग रही है और उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ और विश्व कप दोनों में हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे।
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरनी, क्रांति गौड़, अरूंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर।












Click it and Unblock the Notifications