भारतीय क्रिकेटर ने गुपचुप तरीके से की शादी, तस्वीरें बाहर आने से हुआ खुलासा, कौन हैं 7 साल बड़ी पत्नी?
Ramandeep Singh Wedding: भारतीय क्रिकेट और टीवी इंडस्ट्री के बीच अब एक नया रिश्ता जुड़ गया है। टीम इंडिया के ऑलराउंडर रमनदीप सिंह ने टीवी एक्ट्रेस चार्ली चौहान के साथ शादी कर ली है। रमनदीप सिंह आईपीएल में केकेआर के लिए खेलते हैं, उन्होंने टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व भी किया है।
दोनों ने पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ एक निजी समारोह में सात फेरे लिए। शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से चर्चा में आ गई। शादी में दोनों परिवारों के अलावा करीबी दोस्त, क्रिकेट जगत से जुड़े लोग और टीवी इंडस्ट्री के कुछ चेहरे मौजूद रहे।

कौन हैं चार्ली चौहान?
चार्ली चौहान टीवी की दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता कैसी ये यारियां से मिली, जिसमें उनके किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसके अलावा वह बेस्ट फ्रेंड्स फोरेवर जैसे टीवी शो का भी हिस्सा रही हैं।
चार्ली ने सिर्फ एक्टिंग तक खुद को सीमित नहीं रखा। वह MTV Roadies में भी नजर आ चुकी हैं और डांस रियलिटी शो नच बलिये में भी हिस्सा ले चुकी हैं। टीवी पर लंबे समय से काम करने के कारण उनकी अपनी अलग फैन फॉलोइंग है। वह 36 साल की हैं और रमनदीप से 7 साल बड़ी हैं।
रमनदीप केकेआर विनर टीम का हिस्सा
साल 2024 में जब केकेआर ने टाइटल अपने नाम किया था, तब रमनदीप सिंह भी केकेआर में थे। केकेआर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इस नवविवाहित जोड़े को बधाई भी दी है। केकेआर के अलावा रमनदीप को टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका भी मिला है। भारतीय टीम के लिए उनको दो मैचों में खेलने का मौका मिला है, इस दौरान उन्होंने 15 रन बनाए और 1 विकेट हासिल किया।
किन क्रिकेटरों ने की शादी में शिरकत
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के अलावा मुंबई इंडियंस के नमन धीर और तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार भी समारोह में शामिल हुए। पंजाब के क्रिकेटर जस्सिंदर सिंह की मौजूदगी भी देखने को मिली। टीवी अभिनेता जय भानुशाली ने भी शादी के जश्न की एक तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की।


Click it and Unblock the Notifications
