INDW vs BANW: पहले जड़े 86 रन, फिर झटक लिए चार विकेट, बांग्लादेश के खिलाफ जेमिमा रोड्रिगेज ने अकेले मचाई तबाही
Bangladesh Women vs India Women, 2nd ODI Highlights: भारत और बांग्लादेश महिला टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले को भारत ने अपने नाम किया। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 108 रनों की विशाल जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही सीरीज अब एक-एक की बराबरी पर आ गई है।
बांग्लादेश को 108 रन से हराया: ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 228 रन बनाए। भारत की तरफ से जेमिमा रोड्रिगेज ने सबसे अधिक 86 रन बनाने में सफल रही। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत ने 52 रन की पारी खेली।

सीरीज में 1-1 की बराबरी: भारत ने इस मुकाबले को जीतने के साथ ही सीरीज में एक-एक की बराबरी कर ली है। 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 38 के स्कोर पर ही अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। इसके बाद पूरी टीम सिर्फ 120 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह भारत ने इस मैच को 108 रनों से अपने नाम किया।
जेमिमा रोड्रिगेज ने झटके चार विकेट: भारत के लिए बल्ले से धमाल मचाने के बाद जेमिमा रोड्रिगेज ने गेंद से भी कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 3.1 ओवर में महज तीन रन देकर चार विकेट अपने नाम किया। भारत की तरफ से जेमिमा रोड्रिगेज ने अकेले दम पर बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में टीम को जीत दिला दी। दोनों टीमों के बीच अब सीरीज का तीसरा मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।
बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन: मुर्शिदा खातून, शर्मिन अख्तर, फरगना हक, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), रितु मोनी, राबेया खान, लता मंडल, नाहिदा अख्तर, फाहिमा खातून, सुल्ताना खातून, मारुफा अख्तर।
भारत की प्लेइंग इलेवन: प्रिया पुनिया, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देयोल, अमनजोत कौर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, देविका वैद्य, मेघना सिंह।












Click it and Unblock the Notifications