चहल, तू ठीक से क्यूं नहीं चल रहा? चल उधर भाग! कैमरे में कैद हुई रोहित की झुंझलाहट- VIDEO
नई दिल्लीः रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की वनडे सीरीज में मात दे दी है। सीरीज में एक मुकाबला होना बाकी है लेकिन टीम इंडिया पहले ही 2-0 की बढ़त हासिल हो चुकी है। इस सीरीज के दौरान 50 ओवरों के फॉर्मेट में पहली बार फुल टाइम कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा का स्टाइल भी चर्चा में रहा है। रोहित से पहले कोहली वनडे में कमान संभालते थे और वे कैमरों की नजरों में बने रहते थे। कोहली जिस तरह से अपने फील्डरों से बात करते थे और जैसे जोश में वे रहते थे वैसे कैमरों की नजरें भी उन्हीं पर रहती थी। अब रोहित कप्तान बने हैं और उनका स्टाइल कोहली की तुलना में बिल्कुल अलग है लेकिन हिटमैन की कप्तानी का भी अपना खास अंदाज है जो कैमरों के क्लिक में अपनी जगह बना रहा है।

रोहित को स्टंप माइक पर युजवेंद्र चहल के साथ बोलते हुए सुना गया
विराट कोहली जहां अपने भाव से हमेशा चर्चा में रहते हैं तो वहीं रोहित का बोलने का अंदाज बिंदास है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान रोहित को स्टंप माइक पर युजवेंद्र चहल के साथ बोलते हुए सुना गया। रोहित पूरे मैच के दौरान अपनी फील्डिंग सेट करने पर ध्यान देते रहे। हालांकि मैच में विंडीज की टीम किसी समय जीतने की स्थिति में दिखाई नहीं दी लेकिन रोहित ने अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी।

चहल से नाखुश नजर आए रोहित-
हालांकि अंतिम ओवरों में ऑडियन स्मिथ और अलजर्री जोसेफ ने मैच को रोमांचक बनाने के लिए नौवें विकेट के लिए एक अच्छी साझेदारी बनानी शुरू कर दी थी तभी रोहित शर्मा ने अपने स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को इस जोड़ी को तोड़ने के लिए गेंदबाजी का जिम्मा सौंप दिया। जब रोहित ने बॉलिंग अटैक में यह फेरबदल किया तो वे चाहते थे कि फील्डिंग में भी उसी के हिसाब से तब्दीली हो, ताकि वाशिंगटन सुंदर को पूरी तरह से अपने फील्डरों से भी मदद मिल सके। जब रोहित फील्डिंग को सेट कर रहे थे तो यह साफ दिखाई दे रहा था कि वह चहल से थोड़े नाखुश हैं क्योंकि यह स्पिनर अपनी फील्डिंग पोजिशन पर जाने में थोड़ी सुस्ती बरत रहा था।
वीडियो में देखें कप्तान का अपना अंदाज-
उस समय रोहित को स्टंप माइक में यह कहते हुए सुना गया कि इस लेग स्पिनर को क्या हुआ है और वह अपनी जगह पर सेटल होने में इतना समय क्यों ले रहा है? रोहित ने अपने मजे मजेदार अंदाज में कहा- पीछे जा क्या हुआ तेरे को? भाग क्यों नहीं रहा है ठीक से? चल उधर भाग!
रोहित का यह वीडियो देखकर आप अपनी हंसी रोक नहीं पाएंगे लेकिन भारत के सफेद गेंद फॉर्मेट कप्तान अपनी इन्हीं अदाओं के कारण मशहूर है। वीडियो क्लिप में आप देख सकते हैं कि रोहित थोड़े झुंझले हुए हैं और वे चहल से सवाल पूछने के बाद उनको निर्देश भी दे रहे हैं।

उसी ओवर में भारत को विकेट मिल गया-
ध्यान देने वाली बात यह है कि उसी ओवर में सुंदर ने बल्लेबाज ऑडियन स्मिथ का विकेट लिया। स्मिथ ने ऊंचा शॉट मारने का प्रयास किया लेकिन वे मिडविकेट क्षेत्र में पकड़े गए और विराट कोहली ने आराम से एक कैच ले लिया। भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 238 रनों का योगदान दिया था और फिर गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने 9 ओवर में 12 रन देकर चार विकेट लेकर विंडीज की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।












Click it and Unblock the Notifications