भारत की जीत के बावजूद मैन ऑफ द मैच बने श्रीलंका के स्टार डुनिथ वेलालगे, टीम इंडिया को कहा शुक्रिया
भारत के खिलाफ मैच में जिस तरह से श्रीलंका के युवा स्टार डुनिथ वेलालगे ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया उसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। वेलालगे ने ना सिर्फ गेंद से बल्कि बल्ले से भी जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि मैच में श्रीलंका को 41 रन से हार का मुंह देखना पड़ा लेकिन वेलालगे के प्रदर्शन के लिए उन्हें इस खिताब से नवाजा गया।
वेलालगे ने मैच में 10 ओवर में सिर्फ 41 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। उनकी गेंदबाजी की अहम बात यह थी कि उन्होंने टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। जिसमे रोहित शर्मा, शुभमन गिल को तो उन्होंने क्लीन बोल्ड कर दिया। जबकि विरोट कोहली, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या को बड़ा स्कोर नहीं खड़ा करने दिया और उन्हे सस्ते में पवेलियन भेजा।

गेंद से जबरदस्त प्रदर्शन करने के बाद वेलालगे ने बल्ले से भी अपना जलवा दिखाया और 46 गेंदों पर 42 रनों की अहम पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत श्रीलंका की टीम ने मैच में जबरदस्त वापसी की, हालांकि अंत में श्रीलंका की टीम लड़खड़ा गई और 41 रन से मैच हार गई।
मैच के बाद वेलालगे ने कहा कि मैं भारतीय टीम का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, उनकी टीम में इतने अच्छे खिलाड़ी हैं। हम इस मैच में हार गए, लेकिन हमारे पास एक और मैच है। वेलालगे ने कहा कि इतनी कम उम्र में मैंने काफी मेहनत की है, मेरी टीम और कोचिंग स्टाफ ने मेरा काफी समर्थन किया है, मैं उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।
वेलालगे की तारीफ करते हुए मर्वन अटापट्टू ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब वेलालगे ने यह करके दिखाया है। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में भी उन्होंने जबरदस्त खेल दिखाया था। उन्हें पता है कि कैसे खेलना है। उन्हें और तैयार करने की जरूरत है, उन्हें जितना हो सके मौका देना चाहिए।
वहीं गौतम गंभीर ने कहा कि वेलालगे के लिए यह सिर्फ शुरुआत है। श्रीलंका को इस तरह के खिलाड़ियों की जरूरत है। पथिराना, मेंडिस, वेलालगे, तीक्षणा जैसे जबरदस्त खिलाड़ी हैं। सोचिए उन्होंने विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाजों को आउट किया।












Click it and Unblock the Notifications