IND vs NZ: कोहली के खास क्लब में शामिल हुए संजू सैमसन, टीम इंडिया ने बनाया ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड
IND vs NZ: भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की। अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96 रन से जीत हासिल की। इस जीत के साथ कई बड़े रिकॉर्ड भी बने, जो इस फाइनल को और भी खास बना देते हैं।
इस टूर्नामेंट में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। टूर्नामेंट में लगातार रन बनाने और टीम को मजबूत शुरुआत देने के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इससे पहले यह पुरस्कार भारत की ओर से विराट कोहली दो बार जीत चुके हैं। कोहली को 2014 और 2016 टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था, जबकि 2024 में जसप्रीत बुमराह को यह अवॉर्ड मिला था। अब 2026 में संजू सैमसन इस सूची में शामिल हो गए हैं।

भारत की सबसे बड़ी जीत
फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की 96 रन की जीत भी रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गई है। यह टी20 विश्व कप में किसी फुल-मेंबर टीम के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले इसी टूर्नामेंट में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया था, लेकिन फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह अंतर और बड़ा हो गया।
नॉकआउट में दूसरा बड़ा एग्रीगेट
इस मुकाबले में एक और बड़ा रिकॉर्ड बना। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए फाइनल में दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 414 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में दूसरा सबसे बड़ा मैच एग्रीगेट है। इससे पहले 2026 के ही सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के मैच में कुल 499 रन बने थे, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।
कीवी टीम के नाम हार का रिकॉर्ड
कीवी टीम टी20 विश्व कप के इतिहास में दूसरी बार फाइनल हार गई। इससे पहले वह 2021 में भी खिताबी मुकाबला हार चुकी थी। इस तरह न्यूजीलैंड उन टीमों में शामिल हो गई है जो टी20 विश्व कप के फाइनल में एक से ज्यादा बार हार चुकी हैं, जिसमें पाकिस्तान और श्रीलंका भी शामिल हैं।
सूर्यकुमार यादव का धांसू रिकॉर्ड
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड भी लगातार शानदार होता जा रहा है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका जीत प्रतिशत 80 प्रतिशत से ज्यादा है, जो दुनिया के सफल कप्तानों में गिना जाता है। रोहित शर्मा भी इस सूची में उनके बेहद करीब हैं।
टीम इंडिया ने लगाई हैट्रिक
टीम इंडिया ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने अपने खिताब की रक्षा करते हुए लगातार दो टी20 विश्व कप जीते। इसके अलावा खुद की जमीन पर टी20 विश्व कप जीतने के मामले में भारत की टीम पहली टीम है। एक और खास आंकड़ा यह है कि दुनिया में तीन टी20 विश्व कप जीतने के मामले में भारत की टीम इकलौती है। अन्य कोई टीम ऐसा नहीं कर पाई।












Click it and Unblock the Notifications