IND vs NZ: मोहम्मद सिराज अपने शहर हैदराबाद में खेलेंगे पहला मैच, रोहित शर्मा ने दी प्रतिक्रिया
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मैच बुधवार को हैदराबाद में खेलेगी। सिराज पहली बार अपने शहर में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे।

India vs New Zealand (भारत बनाम न्यूजीलैंड) 1st ODI: किसी भी खिलाड़ी के लिए अपने घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने से बड़ी ख़ुशी नहीं हो सकती। घरेलू दर्शकों के सामने खेलते हुए एक अलग ही अहसास होता है। भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मुकाबला बुधवार को हैदराबाद में खेलना है। इस मैच में भारतीय टीम के लिए मोहम्मद सिराज खेलेंगे और यह उनका घरेलू शहर में पहला मुकाबला होगा। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सिराज को लेकर अहम बयान दिया है और उनको बधाई भी दी है।

सिराज को दी रोहित शर्मा ने बधाई
रोहित शर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि घरेलू मैदान पर खेलना हमेशा अच्छा होता है और सिराज हैदराबाद में पहली बार खेलेंगे। टीम के सभी साथी खिलाड़ी उस दौरान उनके साथ रहेंगे और मैं उनको इसके लिए बधाई देता हूँ। पिछले दो साल में हमने देखा है कि सिराज ने टीम के लिए किस तरह का प्रदर्शन किया है। वह हमारे लिए एक अहम खिलाड़ी हैं इसलिए उनका मैनेजमेंट किस तरह हो, यह भी जरूरी है। इन दो सालों में सिराज ने अपनी गेंदबाजी में काफी सुधार किया है।

अब उनका स्विंग देखने को मिल रहा है
रोहित शर्मा ने कहा कि सिराज ने अपनी गेंदबाजी के दौरान लाइन और लेंथ में काफी सुधार किया है और अब हमें उनका आउटस्विंग देखने को मिल रहा है। स्विंग के लिए वह इतने नहीं जाने जाते थे लेकिन पिछली सीरीज में उन्होंने लगातार नई गेंद से स्विंग हासिल की है जो अच्छी बात है। किसी भी बल्लेबाज के लिए नई गेंद के सामने बैटिंग करना आसान काम नहीं होता है। उस मामले में उन्होंने सुधार किया है। सिराज अपनी गेंदबाजी को समझते हैं और यह बड़ी बात है। उन्होंने यह भी समझा है कि टीम को उनसे क्या चाहिए। वह हमारे लिए अहम खिलाड़ी हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, श्रीकर भरत, शाहबाज़ अहमद , रजत पाटीदार।












Click it and Unblock the Notifications