Srikar Bharat: ऐसी भी क्या मजबूरी…! 4 पारियों में महज 92 रन, सालभर में एक फिफ्टी तक नहीं
India vs England KS Bharat: इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत एक बार फिर से फ्लॉप साबित रहे। विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच की दोनों ही पारियों में केएस भरत का बल्ला खामोश रहा। केएस भरत की जगह पर अब सवाल उठने लगे हैं। फैंस लगातार उनके टीम में होने पर सवाल कर रहे हैं।
फ्लॉप रहे हैं केएस भरत
कार एक्सीडेंट में ऋषभ पंत के चोटिल होने के बाद से ही केएस भरत को लगातार भारत की तरफ से टेस्ट खेलने का मौका मिल रहा है। फरवरी 2023 में अपने डेब्यू के बाद से केएस भारत अब तक भारत की तरफ से 7 टेस्ट मैच में 12 पारियां खेल चुके हैं लेकिन इस दौरान उनके बल्ले से अधिक रन नहीं निकले हैं।

चार पारियों में सिर्फ 92 रन
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज में केएस भरत से फैंस को काफी उम्मीदें थी। लेकिन इस सीरीज के पहले दो मुकाबले में उनका बल्ला खामोश ही रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में केएस भारत 28 गेंद में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। टेस्ट फॉर्मेट में वह अब तक एक भी अर्धशतक जड़ने में कामयाब नहीं रहे हैं। उनका बेस्ट स्कोर 44 रहा हैष इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज की चार पारियों में उन्होंने 92 रन बनाए हुए हैं।
ईशान किशन को टीम में शामिल करने की मांग
केएस भारत के इस प्रदर्शन को देखकर लगातार फैंस चयनकर्ता पर सवाल उठा रहे हैं। भरत की जगह ईशान किशन को टीम में शामिल करने की मांग की जा रही है। ईशान किशन का प्रदर्शन वनडे और टी-20 में शानदार रहा है। वहीं टेस्ट में उन्हें अधिक मुकाबले खेलने के मौके नहीं दिए गए हैं। केएस भरत बल्लेबाजी के अलावा विकेटकीपिंग में भी कुछ खास कमाल नहीं कर सके हैं।
खल रही है ऋषभ पंत की कमी
भारतीय टेस्ट टीम में ऋषभ पंत ने कई मैच विनिंग पारियां खेली है। अपने इस मैच विनर खिलाड़ी की कमी भारत को पिछले 1 साल से खेल रही है। साल 2022 के दिसंबर में ऋषभ पंत एक गंभीर कार एक्सीडेंट में चोटिल हो गए थे। इसके बाद से वह अब तक भारतीय टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं। हालांकि, साल 2024 के आईपीएल में ऋषभ पंत एक बार फिर से मैदान पर नजर आ सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से वह इस साल आईपीएल खेलते हुए दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications