IND vs BAN: शेफाली वर्मा ने खेली तूफानी पारी, बांग्लादेश को रौंदकर एशिया कप फाइनल में भारत
India vs Bangladesh: महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल नहीं हुई लेकिन इसे कम भी नहीं कहा जा सकता। टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 149 रनों का स्कोर हासिल किया।
टीम इंडिया को पहला झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा। वह महज 2 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गईं। यहां से शेफाली वर्मा ने धमाकेदार अंदाज में खेलते हुए बांग्लादेश की महिलाओं को जमकर कूट दिया। उन्होंने एक शानदार फिफ्टी जमाई।

शेफाली ने 40 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 64 रनों की पारी खेली। प्रतिका रावल का बल्ला ज्यादा देर तक नहीं चल पाया। वह 20 के स्कोर पर आउट हो गईं। उनके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी सिर्फ 24 रनों का योगदान दिया। ऋचा घोष ने दो छक्के जड़कर तेवर दिखाए लेकिन वह भी 16 गेंदों में 21 के निजी स्कोर पर चलती बनीं।
अंत में दीप्ति शर्मा ने एक चौका और एक छक्का जड़ते हुए 6 गेंदों में 13 रन बनाए और टीम इंडिया का स्कोर 6 विकेट पर 149 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। बांग्लादेश की टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी सुल्ताना खातून रहीं। उनको 2 विकेट मिले।
जवाबी पारी में खेलते हुए बांग्लादेश की टीम दबाव सहन नहीं कर पाई। शोरना अख्तर के बल्ले से सर्वाधिक 22 रनों की पारी आई। अन्य सभी खिलाड़ी एक के बाद एक आउट होकर चलती बनीं। बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रनों के स्कोर तक पहुँच पाई।
भारत ने मैच जीतने के साथ ही फाइनल में जगह बना ली। दीप्ति शर्मा ने भारत के लिए बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा नंदनी शर्मा ने 2 विकेट झटके। श्रीलंका और पाकिस्तान में सेमीफाइनल जीतने वाली टीम का सामना भारत से फाइनल में होगा।


Click it and Unblock the Notifications
