पंड्या के पास है स्पेशल टैलेंट, मिलना चाहिए टेस्ट में मौका, हार्दिक को लेकर दिग्गज ने जताई ये इच्छा
India Vs Australia Shane Watson: अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जा रहा है। टेस्ट में हार्दिक पंड्या टीम का हिस्सा नहीं हैं।

India Vs Australia Shane Watson: भारतीय टीम के दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी करेंगे। तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में हार्दिक पंड्या टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। रोहित शर्मा निजी काम की वजह से पहले वनडे में टीम के साथ नहीं होंगे। वह दूसरे वनडे में टीम के साथ जुड़ेंगे। रोहित की कप्तानी में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। रोहित के बाद हार्दिक पंड्या को ही भारत का फ्यूजर कप्तान माना जा रहा है।

टेस्ट से दूर ही रहे हैं पंड्या
गेंद और बल्ले से भारत के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले हार्दिक पंड्या भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं है। भारत के पास अक्षर पटेल, आर अश्विन और रवींद्र जडेजा के रूप में तीन स्पिन ऑलराउंडर मौजूद है। लेकिन तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को टेस्ट में अधिक मौके नहीं मिले हैं। वह इतने सालों में भारत के लिए सिर्फ 11 टेस्ट मैच खेलने में ही सफल रहे हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में एक शतक और चार अर्धशतक जड़ा है।

पंड्या को मिले टेस्ट मैचों में मौका
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉटसन ने हार्दिक पंड्या को लेकर दिल की बात कही है। उन्होंने कहा कि पंड्या की भारत की टेस्ट टीम में वापसी होनी चाहिए। वॉटसन के मुताबिक पंड्या के पास काफी स्पेशल टैलेंट हैं और उनको खेलना चाहिए। वॉटसन ने कहा कि हार्दिक पंड्या वर्ल्ड क्रिकेट के स्पेशल टैलेंट हैं। अगर उनकी बॉडी टेस्ट क्रिकेट की डिमांड को पूरी कर सकती है तो फिर उन्हें जरूर इस फॉर्मेट में खेलना चाहिए। पंड्या बतौर बल्लेबाज भी भारत के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। अगर वह गेंदबाजी नहीं भी करते हैं तो भी भारत को इससे ज्यादा नुकसान नहीं होगा।

ऐसा रहा है अब तक हार्दिक का इंटरनेशनल करियर
हार्दिक पंड्या ने अब तक 87 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। इनमें उन्होंने 69 विकेट चटकाए और 1271 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में उनका स्ट्राइक रेट 142.17 का रहा है। वनडे में हार्दिक और ज्यादा सफल रहे हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 71 मैचों में 68 विकेट चटकाए हैं और 1518 रन बनाए हैं। वनडे में उनका बल्लेबाजी औसत करीब 34 रन का रहा है। टेस्ट क्रिकेट में हार्दिक इतने कारगर साबित नहीं हो पाए हैं। अब तक उन्हें 11 टेस्ट खेलने का मौका मिला है, जहां उन्होंने 17 विकेट लिये हैं और 532 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications