वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए उमड़ी भीड़, एयरपोर्ट पर लोगों का हुजूम, वीडियो जमकर हुआ वायरल
भारतीय क्रिकेट के भविष्य ने एक बार फिर दुनिया को अपना लोहा मनवा दिया है। जिम्बाब्वे की धरती पर अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम आज जब मुंबई एयरपोर्ट पहुंची, तो वहां का नजारा किसी त्योहार से कम नहीं था।
हाथों में तिरंगा, ढोल-नगाड़ों की थाप और 'वर्ल्ड चैंपियंस' के नारों के साथ फैंस ने अपने इन युवा सितारों का पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया। करीब एक महीने तक चले कड़े संघर्ष के बाद छठी बार 'विश्व विजेता' का टैग लेकर लौटे इन खिलाड़ियों के चेहरे पर जीत की चमक साफ देखी जा सकती थी।

एयरपोर्ट के एग्जिट गेट पर जैसे ही कप्तान आयुष म्हात्रे सोने जैसी चमकती वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर बाहर निकले, फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। लेकिन इस भीड़ का सबसे ज्यादा इंतजार उस 14 साल के लड़के के लिए था, जिसने क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है।
हम बात कर रहे हैं वैभव सूर्यवंशी की, जिन्होंने फाइनल में इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 80 गेंदों में 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली थी। वैभव जब बाहर आए, तो उन पर फूलों की इतनी बारिश हुई कि सुरक्षा घेरा बनाना मुश्किल हो गया। हर कोई इस 'वंडर बॉय' के साथ एक सेल्फी लेने को बेताब नजर आया।
इस ऐतिहासिक जीत की कहानी केवल ट्रॉफी तक सीमित नहीं है, बल्कि टीम इंडिया के दबदबे की मिसाल है। भारत ने फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में आज तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
#WATCH | Maharashtra | ICC Under-19 Cricket World Cup champions, Team India, receive a grand welcome as they arrive in Mumbai. pic.twitter.com/rX8ICjHwks
— ANI (@ANI) February 8, 2026
बीसीसीआई (BCCI) ने भी इस शानदार प्रदर्शन की कद्र करते हुए पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए 7.5 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बोनस का ऐलान किया है। एयरपोर्ट पर मौजूद बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बुके देकर और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।












Click it and Unblock the Notifications