भारत में 34 साल बाद होगा एशिया कप, क्या अगले साल भारत आएगी पाकिस्तान की टीम!
Asia Cup 2025, Latest News in Hindi: पाकिस्तान में अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाना है। चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने भारतीय टीम पाकिस्तान जाएगी या नहीं इस पर लगातार चर्चाएं की जा रही है। इस बीच अब ऐसी खबर सामने आई है, जिसके मुताबिक अब अगले साल पाकिस्तान को भी भारत क्रिकेट खेलने आना पड़ सकता है।
अगले साल भारत में एशिया कप
दरअसल, साल 2025 में होने वाले एशिया कप की मेज़बानी भारत को मिली है। इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफ़गानिस्तान और क्वालीफ़ाइंग राउंड की एक टीम सहित छह टीमें भाग लेंगी। इससे पहले साल 2023 में एशिया कप का आयोजन किया गया था। जिसकी मेज़बानी पाकिस्तान ने की थी, लेकिन यह टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल पर खेला गया था, क्योंकि भारत पाकिस्तान नहीं गया था।

एशिया क्रिकेट काउंसिल का बड़ा फैसला
एशिया क्रिकेट काउंसिल ने सोमवार यानी 29 जुलाई को पुष्टि की है कि भारत 2025 में होने वाले एशिया कप की मेजबानी टी 20 फॉर्मेट में करेगा। इसके अलावा बांग्लादेश 2027 में होने वाले एशिया कप की मेजबानी वनडे फॉर्मेट में करेगा। इन दोनों ही संस्करणों में 13-13 मैच खेले जाएंगे। दूसरी तरफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेज़बानी पाकिस्तान को करनी है।
भारत का मेजबानी इतिहास
एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी और अब तक इसके 16 संस्करण हो चुके हैं। इतने लंबे इतिहास के बावजूद भारत ने इससे पहले सिर्फ़ एक बार ही इस टूर्नामेंट की मेज़बानी की है। वह 1990/91 के संस्करण में हुआ था, जब भारत विजयी हुआ था। इस प्रकार 34 सालों के अंतराल के बाद 2025 एशिया कप की मेज़बानी करना भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है।
भारत का रिकॉर्ड रहा है शानदार
एशिया कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन पिछले कुछ सालों में बेहतरीन रहा है। उन्होंने आठ बार खिताब जीता है, जिससे वे टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल टीम बन गई हैं। श्रीलंका छह बार खिताब जीत चुका है, जबकि पाकिस्तान ने दो बार खिताब जीता है। एशिया कप का पिछला संस्करण भी भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर जीता था।












Click it and Unblock the Notifications