IND vs SA: भारतीय गेंदबाजों ने किया दक्षिण अफ्रीकी बैटिंग को चकनाचूर, 74 पर समेटकर 101 रन से जीता मैच
IND vs SA: कटक में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने बड़ा धमाका करते हुए मेहमान टीम को बुरी तरह रौंदकर सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने के लिए मैदान पर आते ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा। चोट के बाद वापस आए शुभमन गिल का बल्ला खामोश रहा। वह पहले ही ओवर में लुंगी एनगिडी का शिकार बन गए। वह 4 रन के निजी स्कोर पर यानसेन को कैच देकर चलते बने।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आते ही एक चौका और एक छक्का जड़ते हुए धमाल मचा दिया। उन्होंने अपने इरादे दर्शा दिए थे, इस बीच अफ्रीकी टीम ने शानदार वापसी करते हुए सूर्यकुमार यादव को 12 के स्कोर पर आउट कर दिया। वह भी लुंगी एनगिडी का शिकार बने। इससे स्कोर 2 विकेट पर 17 रन हो गया। दो झटके लगने के बाद तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा ने स्कोर आगे बढाया। भारत ने पावरप्ले खत्म होने तक 6 ओवर में 2 विकेट पर 40 रनों का स्कोर खड़ा किया।
इस बीच अभिषेक शर्मा भी आउट होकर चले गए। उनका बल्ला आज आग उगलने में नाकाम रहा। अभिषेक शर्मा 12 गेंदों का सामना कर 17 पर आउट हुए और स्कोर 48/3 हो गया। भारत ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 71 रन बनाए, उस समय तिलक वर्मा और अक्षर पटेल क्रीज पर थे।
दक्षिण अफ़्रीकी गेंदबाजों ने भारत को लगातार झटके देने का सिलसिला जारी रखते हुए तिलक वर्मा को 26 और अक्षर पटेल को 23 पर आउट कर स्कोर 104/5 कर दिया। लंबे समय बाद चोट से वापसी कर खेलते हुए हार्दिक पांड्या ने तहलका मचा दिया और चौके-छक्कों की बारिश कर दी।
टीम इंडिया को मुश्किल स्थिति में संभालने का काम उन्होंने ही किया। पांड्या ने तूफानी अंदाज में चौके और छक्कों की मदद से 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने 28 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों से 59 की नाबाद पारी खेली, जितेश शर्मा ने नाबाद 10 रन बनाए और भारत का स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट पर 175 रनों तक पहुंचा दिया।
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरुआती 10 ओवरों में ही पूरी तरह लड़खड़ा गई। भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने अफ्रीकी बल्लेबाज़ एक के बाद एक पवेलियन लौटते गए।
दक्षिण अफ्रीका का खाता खुलने से पहले ही सलामी बल्लेबाज़ क्विंटन डी कॉक (0) को अर्शदीप सिंह ने अभिषेक शर्मा के हाथों कैच आउट कराकर बड़ा झटका दिया। इसके बाद कप्तान एडेन मार्करम 14 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए।
मध्यक्रम में ट्रिस्टन स्टब्स (14) को अर्शदीप सिंह ने अपना दूसरा शिकार बनाया, जबकि अनुभवी बल्लेबाज़ डेविड मिलर मात्र 1 रन बनाकर हार्दिक पांड्या की गेंद पर विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों लपके गए। 10 ओवर में अफ्रीका का स्कोर 68/6 हो गया।
अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने सर्वाधिक 22 रनों की पारी खेली। अन्य सभी बल्लेबाज फ्लॉप हो गए। पूरी टीम 13 ओवर के अंदर 74 के मामूली स्कोर पर आउट होकर 101 रनों से हार गई। बुमराह, अर्शदीप, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को 2-2 विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications