'हमारे गेंदबाजों को इतना मत पीटो!', यशस्वी जायसवाल से आखिर किसने की ये खास गुजारिश?
IND vs WI, Brian Lara: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का जलवा बिखेरा। 23 वर्षीय इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 175 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया के लिए एक विशाल स्कोर की नींव रखी। उन्होंने अपनी 258 गेंदों की पारी में 22 चौके लगाए और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को खूब परेशान किया।
लारा ने गले लगाकर दी बधाई (IND vs WI, Brian Lara)
जायसवाल के इस बेहतरीन प्रदर्शन की तारीफ क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने भी की। वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने खुद जायसवाल से मुलाकात की और उनकी सराहना की। बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में लारा ने जायसवाल को गले लगाया और मजाकिया अंदाज में एक खास गुजारिश भी कर डाली। उन्होंने युवा बल्लेबाज़ से कहा कि हमारे गेंदबाजों को इतना बुरा मत मारो।

दमदार पारी खेलने के बाद क्या बोले जायसवाल
अपनी बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए जायसवाल ने कहा कि वह हमेशा टीम को पहले रखते हैं और उनका ध्यान क्रीज़ पर ज्यादा से ज्यादा देर तक टिके रहने पर होता है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा टीम के लिए क्या जरूरी है, यह सोचता हूं। अगर मुझे अच्छी शुरुआत मिलती है, तो मैं उसे एक बड़ी पारी में बदलना चाहता हूं। पहली पारी में जायसवाल ने बी साई सुदर्शन (87 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रन की अहम साझेदारी की।
दोहरा शतक पूरा करने से चूक गए जायसवाल
उन्होंने सुदर्शन की तारीफ़ करते हुए कहा कि वे स्ट्राइक रोटेट करने और मौके मिलने पर रन बनाने की कोशिश कर रहे थे। जायसवाल ने शुभमन गिल (नाबाद 129 रन) की भी जमकर प्रशंसा की और उनके साथ बल्लेबाजी करने को शानदार बताया। हालांकि, जायसवाल अपने तीसरे टेस्ट दोहरे शतक से चूक गए और दूसरे दिन सुबह गिल के साथ तालमेल की कमी के कारण रन-आउट हो गए। इसके बावजूद, उनकी 175 रनों की पारी ने भारत को मैच में मज़बूत पकड़ बनाने में मदद की।












Click it and Unblock the Notifications