भुवनेश्वर कुमार की वापसी और वैभव सूर्यवंशी फिर से बाहर, वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेंगे ये 11 खिलाड़ी?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का फैसला शनिवार को बेंगलुरु में होगा। दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर हैं, ऐसे में पांचवां मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं होगा। चौथे मैच में हार के बाद भारतीय टीम सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। इस अहम मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल अर्शदीप सिंह की फिटनेस और उनकी जगह संभावित बदलाव को लेकर है।
चौथे टी20 मैच के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण अर्शदीप सिंह निर्णायक मुकाबले से बाहर हैं। भारत ने पांचवें मैच के लिए भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया है। ऐसे में अनुभवी तेज गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की संभावना है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने का उनका अनुभव भारत के काम आ सकता है।

संजू सैमसन और अभिषेक करेंगे ओपनिंग
भारतीय पारी की शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा कर सकते हैं। संजू ने पिछले मुकाबले में 23 गेंदों पर 56 रन बनाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए थे। उनका स्ट्राइक रेट 243 से ज्यादा रहा। दूसरी ओर, अभिषेक से भी टीम को तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। सीरीज में अब तक बल्लेबाजों का दबदबा रहा है और निर्णायक मैच में भी 200 से अधिक का स्कोर देखने को मिल सकता है। संजू के खेलने का मतलब यही है कि वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर से टीम से बाहर बैठ सकते हैं।
तीसरे नंबर पर इशान किशन और चौथे नंबर पर श्रेयस अय्यर उतर सकते हैं। तिलक वर्मा पांचवें स्थान पर बल्लेबाजी करेंगे। भारत को मध्यक्रम से बड़ी पारी की जरूरत होगी, क्योंकि मुकाबले में छोटी सी चूक भी सीरीज गंवाने का कारण बन सकती है।
नमन धीर और नितीश पर भी नजरें
नमन धीर, अक्षर पटेल और नितीश कुमार रेड्डी अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं। नितीश ने चौथे मैच में 20 गेंदों पर 41 रन बनाए थे, लेकिन गेंदबाजी में वह महंगे साबित हुए और तीन ओवर में 39 रन दे बैठे। निर्णायक मुकाबले में उनसे बल्ले और गेंद दोनों से बेहतर योगदान की उम्मीद होगी।
भारत की संभावित इलेवन
श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा, नमन धीर, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और मयंक यादव।


Click it and Unblock the Notifications
