IND vs WI: भारत की तूफानी बैटिंग के बाद बारिश का खलल, वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवां टी20 हुआ रद्द
बेंगलुरु में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला शुरू होने के बाद बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश के कारण मैच को घटाकर 9-9 ओवर का कर दिया गया था, जिसमें वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले फील्कडिंग करने का फैसला किया।
इसके बाद भारतीय पारी के दौरान एक बार फिर बारिश ने खलल डाला और मैच को रद्द करना पड़ा, जिसके चलते यह रोमांचक सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई। टीम इंडिया अपनी बल्लेबाजी के दौरान पूरे 9 ओवर तक नहीं खेल पाई थी।

बारिश से बाधित इस छोटे ओवर के मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने विस्फोटक अंदाज में रन बनाए और मात्र 7.4 ओवर में ही 5 विकेट के नुकसान पर 118 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। पारी की शुरुआत करने उतरे संजू सैमसन ने 7 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 16 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 4 गेंदों पर 1 छक्के के साथ 6 रन का योगदान दिया।
ईशान किशन ने तूफानी पारी खेलते हुए मात्र 10 गेंदों पर 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 14 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 22 रन बटोरे, वहीं तिलक वर्मा ने 6 गेंदों का सामना करते हुए 7 रन बनाए। अंत में नमन धीर ने नाबाद रहते हुए महज़ 6 गेंदों पर 1 चौके और 3 गगनचुंबी छक्कों की बदौलत 24 रनों की नाबाद ताबड़तोड़ पारी खेली।
भारतीय पारी में कुल 13 अतिरिक्त रन भी शामिल रहे। जब मैच रुका, तब भारत का रन रेट 15.39 का चल रहा था, लेकिन इसके आगे का खेल संभव नहीं हो सका और मुकाबला बिना किसी परिणाम के समाप्त हो गया। इस तरह मैच के साथ वेस्टइंडीज टीम का भारत दौरा भी खत्म हो गया, एकदिवसीय सीरीज में टीम इंडिया ने 2-1 से सीरीज अपनी नाम की थी और टी20 में दोनों टीमें बराबर रही।


Click it and Unblock the Notifications
