कोलंबो टेस्ट में तीसरी बार चला ICC का चाबुक, श्रीलंकाई खिलाड़ी पर हुआ एक्शन, किस वजह से मिली सजा
IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में खिलाड़ियों से जुड़े विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या भी ICC की कार्रवाई की चपेट में आ गए हैं। वह इस टेस्ट में सजा पाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं।
जयसूर्या को मैदान पर एक ऐसी हरकत के लिए आधिकारिक फटकार मिली है, जिसे आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। इसके साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।

किस वजह से हुआ एक्शन
यह घटना सोमवार को दिन के खेल की आखिरी गेंद पर हुई। जयसूर्या बल्लेबाजी के दौरान आउट हुए और पवेलियन की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपना गुस्सा बाउंड्री के किनारे लगे उपकरण पर निकाला और बल्ले से उस पर प्रहार किया।
आईसीसी ने इसे अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या मैदान से जुड़ी चीजों के अनुचित इस्तेमाल के तहत माना। इसी वजह से जयसूर्या पर कार्रवाई की गई। यह उनके लिए पिछले 24 महीनों में पहला ऐसा मामला है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली, इसलिए इस मामले को आगे औपचारिक सुनवाई तक ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी।
कोलंबो टेस्ट में तीसरा मामला
जयसूर्या से पहले यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो भी आईसीसी की कार्रवाई झेल चुके हैं। टेस्ट के पहले दिन दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर कहासुनी हो गई थी। असिथा ने जायसवाल को आउट किया था। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज गेंदबाज की तरफ बढ़े और दोनों के बीच कुछ शब्दों का आदान-प्रदान हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के सिर भी आपस में टकरा गए।
उस घटना को लेकर दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था। साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया था। अब तीन खिलाड़ी आईसीसी की कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। यहां इसका अंत नहीं माना जा सकता है, मैच में अभी तीसरे दिन ही चल रहे है। दोदिन और बचे हुए हैं, अगर इस दौरान कुछ और चीजें घटित होती है, तो आईसीसी का चाबुक चलेगा।


Click it and Unblock the Notifications
