IND vs SL Test Series: टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे का शेड्यूल जारी, खेले जाएंगे इतने टेस्ट मैच
IND vs SL Test Series: श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भारत के श्रीलंका दौरे के आधिकारिक शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। अगस्त में होने वाले इस दौरे पर दोनों एशियाई टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) के लिहाज से बेहद अहम है। हालांकि, पहले चर्चा में रही तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज को इस शेड्यूल में जगह नहीं मिली है।
15 अगस्त से सीरीज का आगाज (IND vs SL Test Series)
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक दौरे की शुरुआत स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त से होगी। दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त के बीच गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के ऐतिहासिक सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर आयोजित होगा।

क्यों नहीं खेली जाएगी टी20 सीरीज?
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि इस दौरे पर टेस्ट के साथ तीन टी20 मैच भी खेले जा सकते हैं। बीसीसीआई (BCCI) सचिव देवाजीत सैकिया ने भी माना था कि श्रीलंकाई बोर्ड की तरफ से तीन टी20 मैचों का अनुरोध आया था। क्रिकेट वेबसाइट स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय बोर्ड ने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल का हवाला देते हुए टी20 मैच खेलने से असमर्थता जताई है।
भारतीय टीम फिलहाल इंग्लैंड दौरे पर है, जिसके तुरंत बाद जुलाई के अंत में टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। श्रीलंका दौरे के ठीक बाद, सितंबर में भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ भी एक टी20 सीरीज खेलनी है। इसी वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण श्रीलंका में टी20 मैच नहीं होंगे।
9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज
भारतीय टीम साल 2017 के बाद पहली बार श्रीलंका में कोई टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। 9 साल पहले विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने वहां 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। दिलचस्प बात यह है कि उस दौरे की टीम के अधिकांश खिलाड़ी या तो संन्यास ले चुके हैं या चयन की रेस से बाहर हैं। मौजूदा सेटअप में केवल केएल राहुल, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो 2017 के दौरे का हिस्सा थे।
इस साल का पहला WTC मुकाबला
भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में यह इस साल का पहला मुकाबला होगा। इससे पहले भारत ने पिछले साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेली थी, जहां उसे 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। जून में टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ एक इकलौता टेस्ट जरूर जीता, लेकिन अफगानिस्तान के डब्ल्यूटीसी रैंकिंग में शामिल न होने के कारण उस मैच के अंक तालिका में नहीं जुड़े थे। ऐसे में फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को यह सीरीज हर हाल में जीतनी होगी।















Click it and Unblock the Notifications