IND vs SL: विराट कोहली और शुभमन गिल ने जड़े शतक, भारतीय टीम ने बनाया विशाल स्कोर
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया था। यह फैसला एकदम सही साबित हुआ है।

IND vs SL 3rd ODI (भारत बनाम श्रीलंका): श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भारतीय टीम ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 5 विकेट पर 390 रनों का स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम के लिए लगभग सभी बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। विराट कोहली और शुभमन गिल के बल्ले से शतकीय पारियां देखने को मिली। श्रीलंका के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने असहाय नज़र आए।
पहले विकेट के लिए बड़ी साझेदारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की बेहतरीन शुरुआत रही। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। बल्लेबाजी के लिए अच्छे विकेट पर रोहित शर्मा शानदार शुरुआत को बरकरार नहीं रख पाए और 42 रन बनाकर करुणारत्ने की गेंद पर आउट हो गए। हालांकि आउट होने से पहले रोहित शर्मा टीम इंडिया को एक बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर कर चुके थे।
गिल और कोहली ने जड़े शतक
शुभमन गिल अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद भी क्रीज पर बने रहे और धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। गिल लगातार तेज बल्लेबाजी करते रहे। उन्होंने 89 गेंदों पर शतक जमा दिया और यह वनडे क्रिकेट में उनका दूसरा शतक था। गिल और विराट कोहली ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। हालांकि अपना शतक पूरा करने के बाद गेल 116 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। दूसरी तरफ विराट कोहली ने भी तेजी से बल्लेबाजी की और 85 गेंदों पर सैकड़ा पूरा कर लिया। विराट कोहली के वनडे जीवन का यह 46 वां शतक था। वह सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड से 3 शतक पीछे हैं। पिछले चार वनडे में विराट कोहली के बल्ले से तीसरा शतक आया है।
कोहली का दूसरा सर्वाधिक स्कोर
विराट कोहली ने अपनी पारी में 110 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 166 रन बनाए। यह वनडे में उनका दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। कोहली के बल्ले से 13 चौके और 8 छक्के आए। इससे पहले उन्होंने 8 छक्के एक पारी में कभी नहीं जड़े थे। कोहली का स्ट्राइक रेट 151 का रहा। कोहली के अलावा भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने 38 रन बनाए। श्रीलंका के लिए रजिता और लाहिरू कुमारा ने 2-2 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications