IND vs SL: सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल के छक्कों की बारिश गई बेकार, श्रीलंका ने भारत को हराया
भारतीय टीम को श्रीलंका ने हराते हुए सीरीज में बराबरी कर ली है, अब अंतिम मुकाबले निर्णायक की भूमिका में होगा। दोनों टीमें अंतिम मैच पर फोकस करेंगी।

Ind vs Sl 2nd t20i (भारत बनाम श्रीलंका): श्रीलंका ने पुणे में दूसरे टी20 मुकाबले को 16 रनों से अपने नाम करते हुए सीरीज में 1-1 की बराबरी पर आ गए। अब अंतिम मैच में सीरीज का निर्णय होना है। पहले खेलते हुए श्रीलंका ने 6 विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में भारत ने 8 विकेट पर 190 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल ने भारत के लिए अर्धशतकीय पारियां खेली। भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बाद भी वापसी कर ली थी लेकिन अंत में मेहमान टीम को जीत मिली।
टॉस हारकर खेलते हुए श्रीलंका ने पावरप्ले में धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। ओपनर कुसल मेंडिस ने निसंका के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। मेंडिस ने 27 गेंदों में फिफ्टी जड़ी। वह 31 गेंदों में 52 रन बनाकर चहल की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद अक्षर पटेल और उमरान मलिक ने राजपक्षे (2) और निसंका (33) को चलता किया। हसरंगा को उमरान मलिक ने आते ही बिना खाते खोले लौटा दिया। इस बीच असलंका ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 19 गेंदों का सामना कर 37 रन बनाए। बाद में कप्तान शनाका ने ताबड़तोड़ बैटिंग का प्रदर्शन किया और धुआंधार अर्धशतक जमाया। उन्होंने 22 गेंद में नाबाद 56 रनों में 2 चौके और 6 छक्के जड़े। इस तरह श्रीलंका ने 6 विकेट पर 206 रन बनाए। भारत के लिए उमरान मलिक ने 3 और अक्षर पटेल ने 2 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए टीम इंडिया की खराब शुरुआत रही। ईशान किशन 2 और शुभमन गिल 5 रन बनाकर चलते बने। डेब्यू करने वाले राहुल त्रिपाठी भी 5 रन बना पाए। कप्तान हार्दिक पांड्या के बल्ले से रन आने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ और वह 12 रन बनाकर चलते बने। टीम इंडिया के 4 विकेट 34 रन पर गिरने के बाद हार निश्चित लग रही थी। पिछले मैच में तूफानी बैटिंग करने वाले दीपक हूडा भी 9 रन बनाकर चलते बने।
सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल ने तूफानी बैटिंग करते हुए जीत की उम्मीदें जगाई। दोनों मिलकर स्कोर को 57/5 से 148 तक ले गए। इस बीच सूर्यकुमार यादव 36 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हो गए। वह 3 चौके और 3 छक्के जड़ने में सफल रहे। दूसरे छोर से 20 गेंद में फिफ्टी जड़कर अक्षर पटेल खेल रहे थे। उन्होंने छक्कों की बारिश करते हुए हसारंगा को लगातार तीन छक्के जड़े। सूर्यकुमार के आउट होने पर जिम्मा अक्षर पटेल के कन्धों पर था, वह मावी के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य के करीब लेकर गए। अंतिम ओवर में टीम इंडिया 21 रन नहीं बना पाई। अक्षर पटेल 31 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 3 चौके और 6 छक्के जड़े। मावी 26 रन बनाकर आउट हुए। टीम इंडिया 8 विकेट पर 190 तक पहुँच पाई। मदुशंका, रजिता और शनाका ने 2-2 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications