Ind vs SL: सैमसन-गिल और सूर्या ने तोड़ा दिल, हुड्डा ने जमाया रंग, भारत ने बनाए 162 रन
Ind vs SL T20i (भारत बनाम श्रीलंका) Hindi match Updates: भारत के खिलाफ श्रीलंकाई गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की। श्रीलंका ने भारत को 162 के स्कोर पर रोकने का काम किया।

Ind vs SL T20i (भारत बनाम श्रीलंका) Hindi match Updates: मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 162 रन बनाए। 20 ओवर में 5 विकेट खोकर भारत ने इतने रन बनाए। भारत की ओर से दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने अंत के ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। इन दोनों बल्लेबाजों ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया। दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने 35 गेंदों में नाबाद 68 रनों की साझेदारी निभाई। दीपक हुड्डा ने टीम के लिए सबसे अदिक 41 रन बनाए।

भारत ने की थी जबरदस्त शुरुआत
ईशान किशन ने पहले ही ओवर में एक छक्का और दो चौके जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे। कासुन रचिथा के पहले ही ओवर में भारत ने 17 रन बटोर कर दमदार शुरुआत की। ईशान किशन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। महेश थीक्षणा ने गिल को 7 के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। गिल पहले मैच में निराश होकर पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार यादव भी इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर सके और महज 7 रन बनाकर आउट हो गए।

संजू सैमसन का भी नहीं चला बल्ला
संजू सैमसन डीप मिडविकेट की तरफ शॉट लगाने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर शॉर्ट थर्डमैन दिलशान मधुशंका के पास चली गई। इससे पहले धनंजय डी सिल्वा की गेंद पर संजू सैमसन आउट होने से बचे थे। चरिथा असालंका सैमसन का कैच नहीं पकड़ पाए, लेकिन संजू इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सकें और अगले ही ओवर में आउट हो गए।

कप्तान हार्दिक ने बनाए 29 रन
भारतीय कप्तान हार्दिक पंड्या ने शुरुआती विकेट गिरने के बाद पारी को संभालने की कोशिश की। पंड्या ने अपना खाता चौके से खोला। आठवें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए। वानिंदु हसारंगा के ओवर में भी पंड्या ने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए। मधुशंका ने छोटी गेंद पंड्या के शरीर की तऱफ फेंककर कुसल मेंडिस के हाथों कैच आउट कराया। पंड्या ने 29, जबकि ईशान किशन ने 37 रन बनाए।

दोनों टीमों में शामिल हैं ये खिलाड़ी
भारतीय टीम- हार्दिक पंड्या (कप्तान), शुभमन गिल, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, शिवम मावी, उमरान मलिक, युजवेंद्र चहल।
श्रीलंका- पाथुम निस्साका, कुसल मेंडिस (डब्ल्यू), धनंजया डी सिल्वा, चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वानिन्दु हसरंगा, चामिका करुणारत्ने, महेश थीक्षणा, कसुन रजिता, दिलशान मदुशंका।












Click it and Unblock the Notifications