बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ़ द मैच, स्कॉटलैंड को रौंदकर भारत ने बजाया वर्ल्ड कप का बिगुल
IND vs SCO U19: बुलावायो में अंडर-19 वर्ल्ड कप के वॉर्म-अप मुकाबले में भारत U19 ने स्कॉटलैंड U19 के खिलाफ पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 121 रन से शानदार जीत दर्ज की, मुकाबला बारिश से प्रभावित रहा। टॉस जीतकर स्कॉटलैंड ने पहले गेंदबाज़ी चुनी, लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 374 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भारतीय पारी में वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़े सितारे रहे। उन्होंने महज़ 50 गेंदों में 96 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे। इसके अलावा विहान मल्होत्रा (77 रन), आरोन जॉर्ज (61 रन) और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू (55 रन) ने भी शानदार बल्लेबाज़ी की। कप्तान आयुष म्हात्रे और आरएस अम्बरीश ने निचले क्रम में उपयोगी योगदान देकर स्कोर को 370 के पार पहुंचाया।

बारिश के कारण स्कॉटलैंड को 23.2 ओवर में 234 का लक्ष्य मिला, स्कॉटिश बल्लेबाजों के लिए यह मुश्किल काम ही था। लक्ष्य का पीछा करते हुए स्कॉटलैंड U19 की टीम भारतीय गेंदबाज़ों के सामने बिखर गई और 23.2 ओवर में 9 विकेट पर 112 रनों का स्कोर ही हासिल कर पाई। थियो रॉबिनसन (30 रन) और मनु सरस्वत (नाबाद 23) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज़ टिक नहीं सका।
IND vs SCO U19: भारत ने की दमदार गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाज़ों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने मुकाबला 121 रन (DLS) से अपने नाम कर लिया और वर्ल्ड कप से पहले जबरदस्त लय दिखाई। भारत के लिए खिलान पटेल और दीपेश देवेंद्रन सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। खिलान पटेल ने 3 विकेट झटके, जिसमें थियो रॉबिनसन और रोरी ग्रांट जैसे अहम विकेट शामिल रहे। वहीं दीपेश देवेंद्रन ने भी 3 विकेट लेकर स्कॉटलैंड के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी।
IND vs SCO U19: वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ़ द मैच
मोहम्मद एनान ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि किशन कुमार सिंह को 1 सफलता मिली। इस सामूहिक गेंदबाज़ी प्रदर्शन की बदौलत स्कॉटलैंड की टीम 24 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और भारत ने वॉर्म-अप मैच में पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 121 रन की बड़ी जीत दर्ज की। वैभव सूर्यवंशी को 96 रनों की तूफानी पारी के कारण प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications