IND vs SA: शर्मनाक हार के बाद छलका सूर्या का दर्द, सीधे शब्दों में बताया क्यों हारी टीम इंडिया
IND vs SA: साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के पहले ही मैच में 76 रनों की करारी शिकस्त झेलने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी निराश नजर आए। मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान उन्होंने हार के कारण को लेकर सीधे शब्दों में प्रतिक्रिया दी। भारतीय कप्तान ने बैटिंग और पावरप्ले का जिक्र किया।
भारतीय कप्तान ने कहा कि कभी-कभी यह समझना जरूरी होता है कि पावरप्ले में आप भले ही मैच न जीत पाएं, लेकिन उसे गंवा जरूर सकते हैं। सूर्या का इशारा उन शुरुआती झटकों की ओर था, जिसने टीम इंडिया की कमर तोड़ दी थी।

IND vs SA: कप्तान ने बताया अगला लक्ष्य
सूर्यकुमार यादव ने हार को गेम का ही एक पार्ट मानते हुए कहा कि हम इस हार से सीखेंगे, बैठकर चर्चा करेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे। उम्मीद है कि हम बेहतर बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग करेंगे। हम चीजों को सरल रखने की कोशिश करेंगे और यही हमारा अगला लक्ष्य होगा।
76 रनों की बड़ी हार के कारण भारत का नेट रन रेट गिरकर -3.800 पर पहुँच गया है। अब अंतिम चार (सेमीफाइनल) में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को अपने अगले दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। भारत का अगला मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से होगा, जबकि 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टीम वेस्टइंडीज से भिड़ेगी।
IND vs SA: बुरी तरह बिखरी बैटिंग
गौरतलब है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप बुरी तरह बिखर गई। ओपनर से लेकर मध्य क्रम तक विकेटों की झड़ी सी लग गई। ईशान किशन खाता तक नहीं खोल पाए। उनके अलावा दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा 15 रन बनाकर आउट हो गए।
टीम इंडिया के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी शिवम दुबे रहे। वह 42 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। अन्य सभी बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होकर चले गए। इसी वजह से भारतीय टीम 111 रनों के शर्मनाक स्कोर पर ऑल आउट होकर एक बड़े अंतर से मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications