IND vs SA: दूसरे टेस्ट से पहले भारत की बढ़ी चिंता, अहम खिलाड़ी को नेट अभ्यास में लगी चोट
IND vs SA: भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में हारकर सीरीज में पीछे हो गई है। दो में से एक मैच हारने के बाद भारतीय टीम के ऊपर अब दबाव भी बढ़ा है। टीम इंडिया सीरीज नहीं जीत पाएगी लेकिन इसे बराबर करने का मौका रहेगा।
केपटाउन में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है और वहां भारतीय टीम रविवार को जाने वाली है। इससे पहले ही चिंता की एक खबर सामने आई है। भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी को चोट लग गई है। नेट प्रैक्टिस करते समय इस खिलाड़ी को कंधे में चोट का सामना करना पड़ा है।

सेंचुरियन में ही टीम इंडिया अभ्यास सेशन में हिस्सा ले रही थी। टीम के ऑल राउंडर शार्दुल ठाकुर के कंधे में चोट लग गई है। चोट लगने के बाद शार्दुल ठाकुर ने गेंदबाजी में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि उन्होंने बल्लेबाजी का अभ्यास जरुर किया। बल्लेबाजी के बाद फिजियो ने बर्फ से चोट वाली जगह पर सिकाई की।
सेंचुरियन में बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच तीसरे ही दिन समाप्त हो गया था। मैच के अंतिम दिन का समय भारत ने नेट सेशन के लिए इस्तेमाल किया। इस दौरान शार्दुल ठाकुर भी अभ्यास कर रहे थे और चोट के बाद गेंदबाजी करना छोड़ दिया। हालांकि उनकी यह चोट गहरी नहीं होनी चाहिए।
सेंचुरियन टेस्ट मैच में भारतीय टीम के लिए कुछ भी सही घटित नहीं हुआ था। टीम इंडिया को एक पारी और 32 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम के बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप हो गए थे। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया।
टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका में कभी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है और यह इंतजार अब और लम्बा हो गया है। भारतीय टीम अगर दूसरा टेस्ट मैच जीत लेती है, तो सीरीज ड्रॉ समाप्त हो जाएगी लेकिन जीत नहीं होगी। अगर मैच दक्षिण अफ्रीका जीत लेती है या ड्रॉ होता है तो टीम इंडिया सीरीज गंवा देगी।












Click it and Unblock the Notifications