IND vs SA: ऋषभ पंत को फिर लगी चोट, बीच मैच में ही छोड़ा मैदान, बढ़ी भारतीय टीम की मुश्किलें
IND vs SA Rishabh Pant: भारत ए के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर चोटिल हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ चल रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन ऋषभ पंत को मैदान छोड़ना पड़ा। बेंगलुरु में स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जा रहे इस मुकाबले के दौरान पंत को बल्लेबाजी करते समय चोट लगी, जिसके कारण उन्हें रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा।
दो बार चोट लगने के बाद छोड़ा मैदान (IND vs SA Rishabh Pant)
जब पंत मैदान से बाहर गए, तब भारत ए का स्कोर 108 रन पर 4 विकेट था। सुबह के सेशन में पंत को दो बार चोट लगी। पहली बार गेंद उनके बाएं हाथ पर लगी। दूसरी बार दक्षिण अफ्रीका के त्शेपो मोरेकी की गेंद उनके ग्रोइन क्षेत्र के पास लगी। दो बार मेडिकल ब्रेक लेने के बाद पंत ने मैदान छोड़ने का फैसला किया। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को मैदान पर भेजा गया।

चोट के बाद पंत ने की थी टीम में वापसी
पंत के लिए यह मुकाबला खास था, क्योंकि वह तीन महीने के लंबे ब्रेक के बाद क्रिकेट में वापसी कर रहे थे। जुलाई में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के दौरान उन्हें पैर में फ्रैक्चर हुआ था। वापसी के बाद उन्होंने पहले अनौपचारिक टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने दूसरी पारी में 113 गेंदों में 90 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी, जिससे भारत 'ए' को तीन विकेट से जीत मिली थी।
पंत को मिली उपकप्तानी की जिम्मेदारी
हाल ही में बीसीसीआई ने घोषणा की कि ऋषभ पंत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वह टीम में बतौर उपकप्तान वापस लौटे हैं। लेकिन अनऑफिश्यली टेस्ट में चोट लगने के कारण एक बार फिर टीम की चिंताएं बढ़ गई है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट: 14 से 18 नवंबर, ईडन गार्डन्स, कोलकाता।
दूसरा टेस्ट: 22 से 26 नवंबर, गुवाहाटी।









Click it and Unblock the Notifications