IND vs SA: रोहित शर्मा ने कर दी यह गलती, पूर्व कोच ने इस फैसले को लेकर लगाई फटकार
IND vs SA: भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने सेंचुरियन टेस्ट मैच के दूसरे दिन की रणनीति को लेकर सवाल उठाया है। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भारतीय टीम के सामने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दूसरे सेशन में रोहित शर्मा के फैसलों पर शास्त्री ने निराशा जताई।
ऐसा लग रहा था कि दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका के लिए बैटिंग करना आसान काम नहीं होगा। दूसरे सेशन में रोहित शर्मा ने गेंदबाजी की शुरुआत शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा से की। रवि शास्त्री ने इस फैसले को सही नहीं बताया। शास्त्री ने कहा कि ये दोनों गेंदबाज तीसरे या चौथे नम्बर के हैं।

पूर्व भारतीय कोच ने कहा कि मुझे लगता है कि लंच ब्रेक के बाद भारत ने अपने गेंदबाजों का चयन करने में चूक कर दी है। इससे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को बचने का मौका मिल गया। रणनीतिक तौर पर भारत से यह एक बड़ी गलती हो गई है।
शार्दुल और प्रसिद्ध कृष्णा उतने प्रभावशाली साबित नहीं हुए। दोनों की गेंदों पर डीन एल्गर ने प्रहार किया और तेजी से रन बनाए। लगभग आधे घंटे तक दोनों गेंदबाजी करते चले गए। इससे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को एक बार फिर से आँखें जमाने का मौका मिल गया। एल्गर ने दूसरे सेशन में शतक भी जमा दिया।
दूसरे दिन खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा और बाद में स्टम्प्स की घोषणा कर दी गई। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 5 विकेट पर 256 रनों का स्कोर हासिल किया। डीन एल्गर ने नाबाद 140 रनों की पारी खेली। मार्को यानसेन 3 रन बनाकर नाबाद लौटे, अफ्रीका ने 11 रनों की बढ़त हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications