IND vs SA: कोलकाता टेस्ट में टॉस रचेगा इतिहास, सिक्के पर होगी दो महान हस्तियों की तस्वीर
IND vs SA: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होने वाला टेस्ट मुकाबला इस बार कई मायनों में खास रहेगा। यह सिर्फ एक टेस्ट मैच नहीं, बल्कि दो महान नेताओं की विरासत को सलाम करने का प्रतीक बन गया है।
इस मुकाबले का टॉस कॉइन खास होने वाला है। इस गोल्डन सिक्के के ऊपर महात्मा गांधी की तस्वीर होगी। इसके पीछे खास वजह है। इससे भी बड़ी बात यह भी है कि महात्मा गांधी के अलावा दूसरी तरफ एक अन्य महान इंसान की तस्वीर भी होगी।

स्पेशल गोल्डन कॉइन के एक तरफ महात्मा गांधी और दूसरी तरफ नेल्सन मंडेला की तस्वीर उकेरी गई है। यह सिक्का शांति, स्वतंत्रता और अहिंसा की भावना को दर्शाता है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच फिर से फ्रीडम ट्रॉफी खेली जा रही है, जो दोनों नेताओं के सम्मान का प्रतीक है।
बीसीसीआई और क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने मिलकर इस ऐतिहासिक पहल की योजना बनाई है। इस पहल को लेकर CAB अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि "यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि गांधी और मंडेला की विरासत को जीवित रखने का अवसर है।"
सीरीज का नाम दोनों देशों के बीच शांति और दोस्ती के रिश्ते को मजबूत करती है। गांधी और मंडेला दोनों ही स्वतंत्रता और समानता के प्रतीक माने जाते हैं, इसलिए इस बार की सीरीज़ को खास महत्व दिया जा रहा है।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टेस्ट मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले तीन दिनों के लगभग सभी टिकट बिक चुके हैं। दर्शक इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के इस चक्र में भारतीय टीम की यह तीसरी टेस्ट सीरीज है। इंग्लैंड दौरे पर सीरीज बराबरी पर समाप्त करने के बाद भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेली थी, जिसमें जीत हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के बाद अगला मैच गुवाहाटी में होगा।












Click it and Unblock the Notifications