IND vs SA: क्या कोहली और रोहित के जाने से कमजोर हुई टीम इंडिया? दिग्गज ने बताई खराब प्रदर्शन की वजह
IND vs SA, Kohli Rohit Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज अनिल कुंबले ने टेस्ट में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर अपनी बात कही है। कुंबले ने कहा कि टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज विराट कोहली, रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा के एक साथ संन्यास लेने से भारतीय टेस्ट टीम का संतुलन बिगड़ गया है। इसके अलावा अजिंक्य रहाणे को टीम से बाहर किए जाने और कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति ने स्थिति को और भी ज्यादा बिगाड़ दिया है।
कुंबले ने दिया बड़ा बयान (IND vs SA, Kohli Rohit Retirement)
जियो हॉटस्टार पर बात करते हुए कुंबले ने पिछले कुछ वर्षों में भारत के टॉप पांच बल्लेबाज़ों में बड़े बदलावों की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि कोहली और रोहित के मई में, जबकि पुजारा के अगस्त में संन्यास लेने से टीम में बड़ा बदलाव हुआ। इसके अलावा रहाणे के जुलाई 2023 के बाद टेस्ट न खेलने और गिल के चोट के कारण बाहर होने से टीम का टॉप ऑर्डर लगभग पूरी तरह से बदल गया है।

टॉप पांच में से चार बल्लेबाजों ने लिया संन्यास
कुंबले ने अपनी बात को समझाते हुए कहा कि पिछले तीन या चार वर्षों में आपने देखा है कि टॉप पांच में से चार बल्लेबाज या तो संन्यास ले चुके हैं या उन्हें नहीं चुना गया है। विराट कोहली, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, और फिर रहाणे... यानी पांच में से चार। साथ ही, शुभमन गिल भी इस लाइनअप में नहीं हैं। भारत को कप्तान शुभमन की कमी खली, लेकिन इससे भी ज़्यादा, एक बल्लेबाज़ के तौर पर उनकी कमी महसूस हुई।
बल्लेबाज़ी क्रम में बार-बार हो रहे हैं बदलाव
कुंबले ने इस बात पर ज़ोर दिया कि बल्लेबाज़ी क्रम में बार-बार बदलाव करने से खिलाड़ियों का तालमेल बिगड़ता है और उनकी लय प्रभावित होती है। कुंबले का मानना है कि इतनी अधिक फेरबदल खिलाड़ियों के लिए असंतुलित हो सकती है। इन सब को देखते हुए हाल के मैचों में भारतीय बल्लेबाजों के प्रयास से वह निराश महसूस कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।












Click it and Unblock the Notifications